कर्ज चुकाने सर्राफा व्यापारी ने रची थी साजिश, एक्सअर्मी मेन ने मारी थी गोली

लूटे थे 15 लाख के जेवरात, आरोपी गिरफ्तार कर्ज चुकाने सर्राफा व्यापारी ने रची थी साजिश, एक्सअर्मी मेन ने मारी थी गोली

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। जुन्नारदेव के कोल्हिया में सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या व लूट के मामले का सोमवार को पुलिस ने खुलासा किया है। लूट व हत्या के आरोप में परासिया के एक ज्वेलर्स, एक्सआर्मी मेन सहित तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कर्ज चुकाने वारदात को अंजाम देना बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि 9 अक्टूबर की रात करीब 9.30 बजे जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हिया के पास नकाबपोश दो बदमाशों ने ऑटो सवार राजस्थान के सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी जेवरात से भरे बैग लूट ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने ऑटो से करीब 35 लाख रुपए के जेवर बरामद कर लिए थे। टोल नाके पर मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सोमवार को 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, कार, दोपहिया वाहन और 15 लाख रुपए के जेवर से भरी बोरी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक परासिया का सर्राफा व्यापारी, एक्सआर्मी मेन और अन्य तीन आरोपी शामिल हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
-अंकित पिता राजेंद्र सोनी (31)- सुगाहन ज्वेलर्स परासिया का मालिक
भूमिका: वारदात का मास्टर माइंड, मृतक को देना था 5 लाख रुपए
- भूपेंद्र उर्फ बूटा पिता नरेश सिंह (38)- एक्स आर्मी मेन
भूमिका: ऑटो रोका, फिर लाइसेंसी बंदूक से दागी थी गोलियां
- मोहम्मद अशरफ पिता अली हसन (25)- आपराधिक रिकार्ड, जिला बदर हो चुका
भूमिका: बूटा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने में मदद की।
- रवि यदुवंशी (28), कैलाश उर्फ लालू यदुवंशी (23)- गिरोह के सदस्य
भूमिका: वारदात के पहले रैकी की, लूट के माल को ठिकाने लगाने में मदद
जम्मू कश्मीर का लाइसेंस जांच में
आरोपी बूटा उर्फ भूपेंद्र सिंह के पास पुलिस को पिस्टल के साथ लाइसेंस भी मिला है। एक्स आर्मी मेन होने की वजह से रिटायरमेंट के बाद उसने जम्मू कश्मीर से लाइसेंसी पिस्टल खरीदना बताया है। हालांकि इस लाइसेंस को पुलिस ने जांच के दायरे में रखा है।
5 लाख रुपए के लेनदेन के मिले दस्तावेज
आरोपी सुहागन ज्वेलर्स के संचालक अंकित सोनी के पास से पुलिस को 5 लाख रुपए के लेनदेन के दस्तावेज मिले हैं। इस लेनदेन के स्टांप पेपर पुलिस ने जब्त किए हैं। सूदखोरी के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
इनका कहना है
5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। 24 घंटे में मामले का खुलासा करने पर घोषित ईनाम की राशि आईजी के हाथों टीम को दी जाएगी।
विवेक अग्रवाल, एसपी

Created On :   11 Oct 2021 10:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story