कांग्रेस नेता की कार की चाबी निकाली, रौब दिखाया तो कांग्रेस सेवादल ने धरना देकर जताया विरोध

The key of the car of the Congress leader was taken out, when the mob showed it, the Congress Seva Dal
कांग्रेस नेता की कार की चाबी निकाली, रौब दिखाया तो कांग्रेस सेवादल ने धरना देकर जताया विरोध
कांग्रेस नेता की कार की चाबी निकाली, रौब दिखाया तो कांग्रेस सेवादल ने धरना देकर जताया विरोध

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। परिवार के साथ जा रहे कांग्रेस नेता की सत्कार तिराहे पर यातायात सूबेदार द्वारा कार की चाबी निकालने और रौब दिखाए जाने पर मामला बिगड़ गया। नाराज सेवादल कार्यकर्ता आक्रोश में आ गए। कार्यकर्ताओं ने सत्कार तिराहे पर ही धरना दिया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। धरने की खबर लगते ही एएसपी शशांक गर्ग, डीएसपी यातायात सुदेश सिंह, सीएसपी अशोक तिवारी ने कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ताओं को समझाया और स्थिति को संभाला। सेवादल प्रमुख सुरेश कपाले ने प्रभारी मंत्री और एसपी से शिकायत कर उक्त अधिकारी को हटाने की मांग रखी है। 
रेड लाइट जम्प करने पर चालान काटने की बात कही
कांग्रेस नेता कमल राय ने बताया कि सोमवार शाम वह परिवार के साथ सत्कार होटल वाली गली से निकलकर परासिया रोड की ओर जा रहे थे। इस दौरान कार मेें उनका परिवार भी साथ था। यातायात थाने में पदस्थ सूबेदार वंदना राजावत ने उनकी गाड़ी रोकी और रेड लाइट जम्प करने पर चालान काटने की बात कही। जबकि उन्होंने रेड लाइट जम्प नहीं किया था। चाबी वापस मांगने पर महिला अधिकारी ने उनके साथ बदसलूकी की। इसके बाद भी परिवार को छोड़कर वापस आने की बात कहते हुए उन्होंने महिला अधिकारी से चाबी मांगी थी। महिला अधिकारी की मनमानी का विरोध करते हुए उन्होंने सेवादल के साथियों के साथ मिलकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए कहा है। 
कार और बाइक रोकते ही छीन लेती है चाबी-
कांग्रेस नेताओं ने धरना प्रदर्शन करते हुए पुलिस पर आरोप लगाए कि यातायात नियम तोडऩे वालों का चालान काटे, लेकिन महिला पुलिस अधिकारी गाड़ी रोकतेे ही कार या बाइक की चाबी छीनकर जेब में रख लेती है। जो नियम के खिलाफ है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों की हिदायत के बाद महिला अधिकारी ने सभी गाड़ी मालिकों की चाबियां वापस की। 
प्रभारी मंत्री और एसपी से कार्रवाई की मांग-
सेवादल के जिला मुख्य संगठक सुरेश कपाले ने कांग्रेस नेता कमल राय की कार की चाबी निकालने और बदसलूकी पर प्रभारी मंत्री सुखदेव पांसे और एसपी मनोज राय को अवगत कराते हुए महिला अधिकारी को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस का रवैया नहीं सुधरा तो वे आगे भी धरना प्रदर्शन कर विरोध जताते रहेंगे। 
क्या कहते हैं अधिकारी-
- रेड लाइट जम्प करने पर महिला अधिकारी द्वारा कार रुकवाई गई थी। कांग्रेस के पदाधिकारियों द्वारा कार्रवाई को गलत बताकर प्रदर्शन किया जा रहा था। समझाइश देकर मामला शांत करा लिया गया है। 
- शशांक गर्ग, एएसपी
 

Created On :   24 Sept 2019 1:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story