- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ऋतुसंहार’ पर आधारित कालिदास समाराेह...
ऋतुसंहार’ पर आधारित कालिदास समाराेह रहेगा इस बार स्पेशल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कालिदास समारोह इस बार स्पेशल रहेगा। तीन दिवसीय कालिदास समारोह-2017 का आगाज 17 नवंबर को होगा। कार्यक्रम 19 नवंबर तक सुरेश भट सभागृह, रेशमबाग में होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह शाम 5 बजे से मेडले ऑफ सिक्स सीजन सप्तक ग्रुप की विशेष प्रस्तुति से होगा। तीन दिवसीय यह समारोह कवि कालिदास के महाकाव्य ‘ऋतुसंहार’ पर आधारित होगा। समारोह में ऋतुओं पर आधारित राग, शास्त्रीय गायन व वादन की प्रस्तुति दी जाएगी। यह जानकारी विभागीय आयुक्त अनूप कुमार ने पत्रकार वार्ता में दी है। इस दौरान जिलाधिकारी सचिन कुर्वे, सूचना अधिकारी अनिल गाडे प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
नि:शुल्क आयोजन
अनूप कुमार ने कहा कि कालिदास समारोह राष्ट्रीय स्तर का ख्याति प्राप्त समारोह है। इसका प्रमुख उद्देश्य कला व संस्कृति बढ़ावा देना है। पूर्व विदर्भ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है। नागपुर की समृद्ध सांस्कृतिक, स्थापत्य कला की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए कालिदास समाराेह का हर वर्ष नि:शुल्क आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम कालिदास समारोह आयोजन समिति, नागपुर, महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल और नागपुर महानगरपालिका के सौजन्य से होगा। इसमें राष्ट्रीय स्तर के शास्त्रीय गायक व वादक प्रस्तुति देंगे।
चलाई जाएंगीं विशेष बसें
समारोह के लिए 17 से 19 नंवबर तक कविवर्य सुरेश भट सभागृह, रेशमबाग के लिए विशेष बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए चिंचभवन, डिफेंस एरिया, स्वालंबी नगर, पारडी, कलमेश्वर, हजारी पहाड़, कोराड़ी, पिपला फाटा, बेसा से रेशमबाग तक विशेष बसें चलाई जाएंगी। समारोह के प्रचार-प्रसार केलिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जाएगा।
लोकनृत्य कार्यक्रम जनवरी में
विभागीय आयुक्त ने कहा कि जनवरी 2018 या फरवरी में आदिवासी लोकनृत्य कार्यक्रम का भी आयाेजन किया जाएगा। इसमें दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर, आदिवासी विकास विभाग व महाराष्ट्र पर्यटन विकास की भूमिका रहेगी। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, गड़चिरोली के कलाकारों को बुलाया जाएगा। इस दौरान कुंवारा भीमसेन, पेंच प्रकल्प, नवेगांव को पर्यटन स्थल के रूप में प्रमोट किया जाएगा।
रामटेक में नहीं होगा कार्यक्रम
उल्लेखनीय है कि कालिदास समाराेह का प्रथम दिवस हर वर्ष की तरह रामटेक में नहीं आयोजित होगा। इस वर्ष तीन दिन का कार्यक्रम नागपुर के सुरेश भट सभागृह में अायोजित किया जाएगा।
Created On :   24 Oct 2017 5:25 PM IST