बारिश में भीगा अनाज, कांग्रेस ने मंडी में किया हंगामा

Thousands sack of grains gone wet due to rain in Chhindwara mandi
बारिश में भीगा अनाज, कांग्रेस ने मंडी में किया हंगामा
बारिश में भीगा अनाज, कांग्रेस ने मंडी में किया हंगामा

डिजिटल डेस्क चौरई/छिंदवाड़ा। नगर की कृषि उपज मंडी में सोमवार की शाम को जमकर हंगामा हुआ। तेज बारिश से यहां पर चना खरीदी केंद्र में किसानों का हजारों बोरा चना भीग गया। इसके अलावा मंडी में आया गेहूं भी गीला हो गया। बारदाना नहीं होने से नाराज किसानों और कांग्रेस नेताओं ने इसके बाद हंगामा कर दिया। उन्होंने मंडी गेट पर ही प्रदर्शन कर दिया। तीन घंटे से अधिक समय तक किसान और कांग्रेसी यहां पर जमे रहे। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी उन्हे समझाइश देते रहे। जानकारी के मुताबिक विकासखंड का एकमात्र चना खरीदी केंद्र नगर की कृषि उपज मंडी में बनाया गया हैं। यहां पर बारदाना नहीं होने से किसानों का चना नहीं खरीदा जा रहा हैं।

सोमवार को दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने यहां पर किसानों के चने को भिगो दिया। आलम यह रहा है कि केंद्र में किसानों द्वारा लाया गया 2 हजार बोरा से अधिक चना गीला हो गया। ऐसे में किसान नाराज हो गए। किसानों के साथ कांग्रेस नेता बंटी पटेल, संजय जैन, कुलदीप सेंगर और अन्य नेताओं ने मंडी गेट पर जाम लगा दिया। हंगामा की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार सुधीर जैन, थाना प्रभारी रघुनाथ खातरकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने समझाइश दी, लेकिन किसान नेता बारदाना नहीं आने और खरीदी शुरू नहीं होने तक आंदोलन करने की बात करते रहे। इस दौरान कांग्रेस नेता अंकित पांडे, राबी ठाकुर, गोलू चौहान, राही ठाकुर और अन्य लोग मौजूद रहे। 

छनाई के 150 रुपए मांग रहे अधिकारी 
नेताओं और किसानों ने कहा कि चना छनाई के नाम पर 150 रूपए प्रति क्विंटल की दर से रुपए मांगे जा रहे हैं। रुपए नहीं देने पर किसानों का चना रिजेक्ट कर दिया जा रहा हैं। इस मामले में शिकायत के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं हो पा रही हैं। 

इधर मंडी में भीगा 10 हजार बोरा अनाज 
दोपहर बाद हुई तेज बारिश के बाद नगर की कृषि उपज मंडी में 10 हजार बोरा से अधिक गेहूं, चना और मक्का गीला हो गया। इसमें व्यापारियों के अलावा किसानों का भी अनाज था। इतनी बड़ी मात्रा में अनाज गीला होने से मंडी में जाम की स्थिति बन गई। मंडी में जगह जगह पर पानी भर गया। 

इनका कहना है 
अधिकारियों से चर्चा की गई है। जल्द ही बारदाना ही व्यवस्था की जाएगी। समिती प्रबंधक को आदेश दिए गए हैं कि वे व्यवस्था को सुधारे जिससे किसानों को लाभ मिल सके।
सुधीर जैन, तहसीलदार चौरई 

Created On :   21 May 2018 7:32 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story