देह व्यापार के लिए नवजात बच्ची की खरीद-फरोख्त के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

Three accused arrested for horse-trading in body trade
देह व्यापार के लिए नवजात बच्ची की खरीद-फरोख्त के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
देह व्यापार के लिए नवजात बच्ची की खरीद-फरोख्त के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देह व्यापार के लिए सिर्फ 15 से 20 दिन की बच्ची की खरीद फरोख्त करने के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बच्ची की मां से सिर्फ 25 हजार में सौदा किया था। इसमें से 10 हजार रुपए दे चुके थे जबकि 15 हजार रुपए दिया जाना बाकी थी। इंस्पेक्टर महेश देसाई ने बताया कि मूल रूप से बिहार की रहने वाली बच्ची की मां को उसके पति ने विवाद के बाद घर से निकाल दिया था। पैसे की मोहताज महिला मुंबई आ गई थी। इसी बीच एक दलाल की नजर महिला और उसकी बच्ची पर पड़ी। उसने महिला से सौदा किया और बच्ची को 25 हजार रुपए में खरीदने की बात कही। परेशान महिला मान गई। आरोपियों ने उसे 10 हजार रुपए देकर बच्ची को ले लिया और बाकी पैसे बाद में देने का वादा किया। बच्ची को खरीदने वाले आरोपी उसे वेश्यालय चलाने वालों को बेंचने की तैयारी कर रहे थे इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए। सहायक पुलिस निरीक्षक सुधीर जाधव की अगुआई में पुलिस की टीम ने बांद्रा के कुरैशी नगर में छापा मारकर आरोपियों को दबोच लिया। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहम्मद फजल पठान, शरीफा पठान और आफरीन खान है। अपराध शाखा के सीनियर इंस्पेक्टर महेश देसाई ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बांद्रा पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 370(4), 34 के साथ बाल न्याय कानून की धारा 81 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में बच्ची की मां समेत दो लोगों की तलाश की जा रही है। 

बुजुर्ग मां व बेटी ने की आत्महत्या

उधर महानगर के विलेपार्ले इलाके में एक 73 वर्षीय महिला और उसकी 53 वर्षीय बेटी ने आत्महत्या कर ली। मीना परांजपे और उनकी बेटी मंजिरी परांजपे का शव घर में ही फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना का खुलासा तब हुआ जब घर आई नौकरानी के काफी देर तक डोरबेल बजाने के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। नौकरानी ने परांजपे के दूसरे रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो मां-बेटी बेडरुम में फांसी पर लटकी मिलीं। दोनों को तुरंत उतारकर कूपर अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विलेपार्ले पुलिस ने एडीआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसलिए आत्महत्या की वजह साफ नहीं हुई है। मंजिरी ने शादी नहीं की थी और वे अपनी मां के साथ ही रहतीं थीं। 

पत्नी व बेटी की हत्या करने वाला आरोपी साढ़े तीन साल बाद गिरफ्तार

चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी और छह साल की बेटी की हत्या कर फरार हुए 38 वर्षीय आरोपी को नई मुंबई पुलिस ने साढ़े तीन साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से बचने के लिए सातार का रहने वाला आरोपी पहचान बदलकर गोवा के पणजी में रह रहा था। पुलिस के चंगुल से बचने के लिए आरोपी ने परिवारवालों और रिश्तेदारों से भी संपर्क तोड़ लिए थे लेकिन पुलिस आखिरकार आरोपी को दबोचने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपी का नाम श्रीमंत आण्णा नागरगोजे है। सहायक पुलिस आयुक्त रविंद्र गिड्डे ने बताया कि आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर पणजी पुलिस स्टेशन की हद में उडपी साईकृपा होटल के पास से दबोचा गया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को 7 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी गोवा में श्रीपाल यादव नाम से रह रहा था इसी नाम से उसने अपना आधार कार्ड भी बना लिया था। डीसीपी अशोक दुधे ने बताया कि जेएनपीटी से कलंबोली की ओर जाने वाले रास्ते पर पनवेल में 2016 के जून महीने में एक महिला का शव मिला था। इसी तरह अगले ही दिन उरण इलाके में एक छह साल की बच्ची का शव मिला था। दोनों पुलिस स्टेशनों ने शुरूआत में इसे हादसा मानते हुए एडीआर दर्ज किया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि दोनों की हत्या हुई थी। छानबीन के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि बीड जिले के तांदुलवाडी भिड में रहने वाली मंदाकिनी सानप नामक महिला ने जेजुरी पुलिस स्टेशन में एक महिला और बच्ची की गुमशुगदी की शिकायत दर्ज कराई थी उन्हें शव दिखाए गए तो उन्होंने दोनों की पहचान कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी नागरगोजे को अपनी पत्नी सुषमा के चरित्र पर संदेह था। इसके चलते दोनों को बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वारदात के दिन ट्रक ड्राइवर का काम करने वाले आरोपी ने पत्नी को बच्ची के साथ पुणे स्थित सुषमा के मायके छोड़ने के बहाने अपने साथ बिठा लिया और रास्ते में दोनों की हत्या कर शव ठिकाने लगा दिया। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था।   
 

Created On :   30 Jan 2020 5:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story