- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- पेंच नदी में मिला बाघ का शव, पंजे...
पेंच नदी में मिला बाघ का शव, पंजे भी काटे

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा/चौरई। पेंच नेशनल पार्क के बफर जोन से लगी पेंच नदी में शुक्रवार को बाघ का शव मिलने से हडक़ंप मच गया। बाघ के पंजों को काटा गया था,जबकि शरीर पर जले का निशान भी था। जिससे उसके शिकार करने की बात कही जा रही है। वन अमले के मुताबिक करंट लगाकर बाघ का शिकार करने के बाद उसके पंजे को काटकर उसे नदी में बहाया गया है। कुंभपानी परिक्षेत्र अधिकारी मार्तंड सिंह मरावी ने बताया कि शुक्रवार सुबह बादलपार निवासी ब्रजेंद्र सिंह कहार ने सूचना दी कि पेंच नदी में बाघ का शव बहकर आया है। सूचना पर तत्काल पेंच पार्क का अमला एक्टिव हुआ। अमले ने मौके से जाकर बाघ के शव को बाहर निकाला तो उसके पेट और सामने वाला पंजा धारदार हथियार से काटा गया था। नर बाघ 6 से 7 साल का बताया जा रहा है। उसकी खाल जली पाई गई है। पार्क के पशु चिकित्सक अखिलेश मिश्रा ने बाघ का पीएम किया।
करंट लगाकर शिकार करने का मामला
नदी में मिले बाघ का करंट लगाकर शिकार करने की बात कही जा रही है। इसके बाद बाघ के पंजों को काटकर उसके शव को पेंच नदी में बहा दिया गया। इस मामले में अब वन अमला जांच में जुटा है।
पहले भी हो चुके हैं शिकार
पेंच पार्क के कुंभपानी सर्किल के कोना पिंडरई और साजपानी बीट में इससे पहले भी शिकार के मामले सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र में पकड़ाए आरोपियों ने यहां करंट लगाकर शिकार करने की बात कबूली थी। हालांकि इसके बाद भी दोनों बीट अवैध रेत खनन के कारण चर्चाओं में है।
Created On :   1 Oct 2022 11:48 PM IST