- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- ‘शिवसेना के साथ मिलकर...
‘शिवसेना के साथ मिलकर कांग्रेस-राकांपा को हराएंगे’: CM फडणवीस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बार फिर दोहराया कि लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा-शिवसेना के बीच युति होगी। इसके लिए मैं पहल करुंगा। उन्होंने कहा कि हम शिवसेना के साथ मिलकर कांग्रेस-राकांपा के पैरों तले की जमीन खींच लेंगे। मुख्यमंत्री ने शनिवार को यह बात एक मराठी न्यूज चैनल द्वारा आयोजित परिसंवाद में कही।
कहा- जरूरी है गठबंधन
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान राज्य में हुए हर चुनाव में हम नंबर वन रहे हैं। आगामी चुनाव में वोटों का विभाजन रोकने के लिए शिवसेना-भाजपा गठबंधन जरूरी है। यह राजनीतिक वास्तविकता है। यदि हम दोनों दल अलग-अलग लड़े तो इसका फायदा कांग्रेस-राकांपा को होगा। फडणवीस ने कहा कि हम (भाजपा-शिवसेना) भाई हैं। इसमें बड़ा कौन, छोटा कौन यह तय करने का काम मीडिया का है। उन्होंने विश्वास जताया कि हम दोनों साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवसेना प्रमुख बालासाहेब को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में बेहद आदर है। पिछला विधानसभा चुनाव हम अलग-अलग लड़े लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पहली जनसभा में साफ कर दिया था कि बाला साहेब को लेकर कोई टीका टिप्पणी नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि धनगर आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार जल्द फैसला लेगी।
लोकसभा-विधानसभा चुनाव एक साथ नहीं
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि लोकसभा व महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव एक साथ नहीं होंगे। तीन राज्यों में हुई भाजपा की हार को लेकर उन्होंने कहा कि जनता का आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास है। राष्ट्र व महाराष्ट्र में निश्चित ही हमारी सरकार आएगी। मध्य प्रदेश में भाजपा को कांग्रेस से अधिक वोट मिले हैं। देश में कांग्रेस की कोई लहर नहीं है। मध्य प्रदेश में भाजपा को बहुत थोड़े अंतर से पराजित होना पड़ा है। राजस्थान में भी कांग्रेस-भाजपा के मतों में मामूली अंतर है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को अधिक सीटे मिलेंगी। उन्होंने दावा किया कि 2019 में देश में मोदी और महाराष्ट्र में मेरा ही चेहरा चुनावों में रहेगा।
Created On :   15 Dec 2018 6:43 PM IST