- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- वर्धा
- /
- जिले के बांधों पर पर्यटकों की...
जिले के बांधों पर पर्यटकों की मनमानी, कभी भी हो सकती है अनहोनी

डिजिटल डेस्क, वर्धा, अमित शामडीवाल| जिले में अतिवृष्टि होने से सभी बांध लबालब हो गए हैं। शहर से समीपस्थ रिधोरा बांध की दीवार से बहते पानी के कारण यहां का सौंदर्य और निखर गया है। इसका लुत्फ उठाने के लिए रिधोरा बांध परिसर में पर्यटकों का सैलाब उमड़ रहा है। इसी परिसर में पिछले दिनों दो किसानों पर तेंदुए ने हमला किया था। इसके अलावा रिधोरा बांध परिसर में आनंद के लिए आ रहे पर्यटक जान जोखिम में डालकर पानी से मस्ती कर रहे हैं। इसी के साथ बांध पर लगाए गए सुरक्षा तारों को पर्यटकों ने छलांग लगाने के लिए नीचे दबा दिया है। पर्यटकों की हरकत पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन उदासीनता बरतता दिखाई दे रहा है। बढ़ते पानी के बीच पर्यटकों की लापरवाहीपूर्वक मस्ती और तेंदुए का परिसर में विचरण की दृष्टि से उक्त स्थान पर सूचना फलक के साथ सुरक्षा बंदोबस्त नदारद है। इससे परिसर में दुर्घटना की आशंका बनी है। रिधोरा बांध में इन दिनों रोजाना हजारों की संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। कई लोग बांध से बहते पानी के बीच जान जोखिम में डालकर मस्ती कर नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पिछले दिनों तेंदुए ने दो किसानों पर हमला कर किसानों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। अब तक परिसर में बोर व्याघ्र प्रकल्प की अेार से किसी प्रकार का सूचना फलक व पर्यटकों के लिए प्रतिबंध नहीं लगाया गया। बांध परिसर में जिस तरह अनेक नागरिक पानी में छलांग मार रहे हैं, उसे देखकर लगता है कि नागरिक पूरी तरह लापरवाह हो गए हैं। सुजान लोगों का कहना है कि पूरी जिम्मेदारी प्रशासन पर नहीं डालनी चाहिए और नागरिकों को भी जिम्मेदार बनना चहिए।
बनाने के लिए दिया है फलक
अक्षय अगासे, आर.एफ.ओ.हिंगणी वनपरिक्षेत्र के मुताबिक तेंदुए की दहशत को देखते हुए फॉरेस्ट विभाग की ओर से सूचना फलक तैयार करने को दिया गया है। इसके साथ पुलिस विभाग के कर्मी और फॉरेस्ट विभाग का एक गार्ड और एक फॉरेस्टर शनिवार और रविवार को रिधोरा बांध परिसर में तैनात रहते हैं।
रोज नहीं लगा सकते बंदोबस्त
रवींद्र गायकवाड़, थानेदार के मुताबिक रिधोरा बांध परिसर में शनिवार और रविवार अधिक भीड़ रहने के कारण सेलू पुलिस का बंदोबस्त लगाया जाता है। लेकिन रोज बंदोबस्त नहीं लगाया जा सकता।
Created On :   24 Aug 2022 7:56 PM IST