स्कूलों में पुलिस सिखाएगी ट्रैफिक के नियम

Traffic Police is going to teach traffic rules to school kids
स्कूलों में पुलिस सिखाएगी ट्रैफिक के नियम
स्कूलों में पुलिस सिखाएगी ट्रैफिक के नियम

अभय यादव , नागपुर।  शहर का यातायात पुलिस विभाग स्कूलों के विद्यार्थियों को यातायात नियमों के बारे में प्रशिक्षित कर रहा है। गत ढाई सालों में रास्ता सुरक्षा दल यातायात शाखा ने 716 स्कूलों में 1 लाख 26 हजार 493 विद्यार्थियों को  यातायात नियमों के बारे में प्रशिक्षित किया है। इस वर्ष के शैक्षणिक सत्र में 250 सरकारी स्कूलों में पुलिस, यातायात नियमों के बारे में प्रशिक्षण देने वाली है। यातायात नियमों के प्रशिक्षण को लेकर निजी स्कूलों में गंभीरता नजर  नहीं आती है। इन स्कूलों में समयाभाव के कारण रास्ता सुरक्षा दल यातायात शाखा निजी स्कूलों के विद्यार्थियों काे यातायात नियमों के बारे में प्रशिक्षित नहीं कर पाती है।

शहर यातायात पुलिस विभाग के उपायुक्त एस चैतन्य ने बताया कि, इस वर्ष से कुछ निजी स्कूलों में यातायात नियमों के बारे में प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए शार्ट प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। नागपुर में इस वर्ष के शैक्षिणक सत्र में 250 सरकारी स्कूलों में यातायात नियमों के संबंध में पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण देंगे। इस कार्य के लिए 15-20 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम काम पर लगी है। इस प्रशिक्षण के पीछे उद्देश्य यही है कि, कम उम्र में स्कूली बच्चे यातायात नियमों की बारीकियों को सीखें तो सड़क हादसे कम होंगे। मौजूदा समय में कई बच्चे बाइक चलाना सीख तो जाते हैं, लेकिन उन्हें यातायात नियमों की जानकारी नहीं होने से कई बार वह नियमों का उल्लंघन करते हैं, जिसके चलते हादसे के शिकार हो जाते हैं। रास्ता सुरक्षा दल यातायात शाखा के अंतर्गत वर्ष 2016 में 233 स्कूलों में 47715 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया। वर्ष 2017 में 233 स्कूलों में 45717 और मई 2018 तक 33061 विद्यार्थियों ने यातायात नियमों के बारे में जानकारियां हासिल की।  इस वर्ष 250 सरकारी स्कूलों में तकरीबन 35 हजार विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

किस वर्ष कितने नागरिक हुए यातायात के नियमों से अवगत
सूत्रों के अनुसार वर्ष 2016 में 88 स्थानों पर यातायात के नियमों के बारे में जनजागृति अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 13 हजार 116 नागरिकों को यातायात पुलिस ने यातायात संबंधी नियमों व जानकारियों से अवगत कराया। वर्ष 2017 में शहर में 105 स्थानों पर जनजागृति अभियान चला कर पुलिस ने 22 हजार 987 लोगों को यातायात के बारे में प्रशिक्षित किया। इस वर्ष मई तक 26 स्थानों पर जनजागृति अभियान अंतर्गत 3 हजार 727 नागरिकों को प्रशिक्षित किया गया है। दिसंबर 2018 तक 100 से अधिक जनजागृति अभियान कार्यक्रम शुरू करने का विचार यातायात पुलिस ने किया है।

स्कूलों का नहीं मिलता सहयोग
शहर के सरकारी स्कूलों में जब भी यातायात पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी यातायात के संदर्भ में जानकारिी व नियमों के बारे में प्रशिक्षण देने के बारे में बातचीत करने जाते हैं, तब वहां भरपूर सहयोग मिलता है। सरकारी स्कूलों में बकायदा इसके लिए समय निकाला जाता है, लेकिन प्राइवेट स्कूलों में यातायात प्रशिक्षण के लिए सहयोग नहीं मिल पाता है। वहां पर अक्सर समयाभाव का रोना रोया जाता है। इस बार यातायात पुलिस विभाग के रास्ता सुरक्षा दल यातायात शाखा ने शार्ट कोर्स तैयार कर प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है, जिससे उनके समय की बचत होगी और यातायात के नियमों के बारे में भी जानकारी हासिल कर सकेंगे। 
(एस. चैतन्य, पुलिस उपायुक्त, यातायात पुलिस विभाग, शहर नागपुर )
 

Created On :   11 Jun 2018 11:48 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story