- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नई तकनीक से राशन बांटने से बढ़ा...
नई तकनीक से राशन बांटने से बढ़ा टेंशन, मैच नहीं हो रहा अंगूठा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नई तकनीक से राशन बांटना दुकानदार व अधिकारियों के लिए टेंशन भरा हो गया है। दरअसल बायोमीट्रिक इमेज का दुरुपयोग रोकने के लिए गई तकनीक से राशन बांटना शुरू किया गया लेकिन तकनीकी खामियों के चलते परेशानी बढ़ गई है। ऑनलाइन अनाज वितरण का काम फिलहाल हरियाणा के सर्वर से चलाया जा रहा है। हरियाणा मॉडल ने सभी को परेशान कर दिया है। पास मशीन पर अंगूठा लगाने पर अनाज उपलब्ध नहीं होने की सूचना मिल रही है। राशन नहीं मिलने से कार्डधारकों ने राशन दुकानदारों को खरी-खोटी सुनाई। राशन दुकानदारों ने अपना दुखड़ा खाद्यान्न विभाग के उपसचिव को बताया। इसके बाद उपसचिव ने विभाग के अधिकारियों की क्लास ली।
समस्या दूर करने के प्रयास जारी: फिलहाल हरियाणा के सर्वर से काम चल रहा है। इसमें जो समस्या आ रही है, उसे दूर किया जा रहा है। महाराष्ट्र के सर्वर पर डाटा लिया जा रहा है। पूरा डाटा लेने के बाद महाराष्ट्र के सर्वर से काम शुरू होगा। तकनीकी एक्सपर्ट लगाए गए हैं। उच्चाधिकारी पूरे कार्यक्रम पर नजर रखे हुए हैं। जिन्हें अनाज नहीं मिल रहा, उन्हें कार्यालय में बुलाया जा रहा है। यहां से जरूरी प्रक्रिया करने के बाद उन्हें अनाज के लिए राशन दुकान भेजा जा रहा है। ग्राहक व दुकानदारों को हम हर संभव सहयोग कर रहे हैं।( खाद्यान्न आपूर्ति विभाग )
कंपनी के स्टाफ से की चर्चा : राशन दुकानदारों ने खाद्यान्न विभाग के उपसचिव श्री खोसर से मिलकर यह परेशानी बताई। कंपनी के तकनीकी स्टाफ से भी समस्या का निदान नहीं होने की जानकारी दी। दुकानदारों का अधिकांश समय तकनीकी स्टाफ से संपर्क करने व अनाज के लिए कार्डधारकों से शाब्दिक विवाद में ही जा रहा है। उपसचिव ने इस दिशा में ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया है। उपसचिव ने खाद्यान्न आपूर्ति अधिकारियों के साथ बैठक की आैर इस समस्या को हल करने के लिए कहा। सुझाव के साथ तकनीकी ज्ञान भी दिया गया। कंपनी के तकनीकी स्टाफ से भी चर्चा की गई। उपसचिव ने आनन-फानन में मुंबई से तकनीकी एक्सपर्ट श्री मोरे को बुलाया आैर कंपनी के लोगों के साथ बैठक कर तकनीकी समस्या हल करने को कहा। तकनीकी एक्सपर्ट नागपुर तो पहुंचे, लेकिन समस्या बनी हुई है। खबर है कि विभाग फिलहाल हरियाणा के सर्वर से काम कर रहा है। जो-जो तकनीकी समस्या आ रही है, उसमें ठीक किया जा रहा है। इसके बाद इसे महाराष्ट्र के सर्वर पर लिया जाएगा।
नहीं मैच हो रहा अंगूठा: पॉस मशीन पर अंगूठा मैच होने पर ही अनाज देने का खाद्यान्न विभाग का निर्देश है। इसके लिए विभाग ने सभी कार्डधारकों की बायोमीट्रिक इमेज ली है। इमेज का दुरुपयोग न हो, इसलिए राज्य सरकार ने आरडी एप लाया। यह काम हैदराबाद की इंटीग्रा कंपनी को दिया गया है। जब से यह एप डाला, तब से लोगों को अनाज कम आैर परेशानी ज्यादा उठानी पड़ रही है। लोग सीधे राशन दुकानदार को इसके लिए जिम्मेदार बता रहे हैं। राशन दुकानदार कंपनी से संपर्क तकनीकी खराबी दूर करने की गुहार लगा रहे हैं। सर्वर डाउन होना, अंगूठा मैच नहीं होना आम बात है। पिछले कुछ दिनों से एक नई समस्या खड़ी हो गई है। अंगूठा लगाने पर अनाज उपलब्ध नहीं का मैसेज पॉस मशीन पर आ रहा है।
परेशानी व डर में कर रहे काम : राशन दुकानदारों के संगठन ने कहा कि हर दिन कार्डधारकों से विवाद हो रहा है। परेशानी के साथ यह डर भी बना है कि ग्राहक पिटाई न कर दें। अनाज नहीं मिलने पर कार्डधारक विवाद करता है। हमने अपनी समस्या से अधिकारियों के साथ उपसचिव को अवगत किया। उचित होगा कि यह तकनीकी समस्या तुरंत दूर हो जाए आैर हम सामान्य रूप से अपना काम कर सकें। अनाज उपलब्ध नहीं का मैसेज आने पर कार्डधारक को कार्यालय में भेजने को कहा गया है। कार्डधारक कार्यालय जाने के मूड़ में नहीं हैं। हम विभाग की शिकायत नहीं कर रहे, लेकिन समस्या बढ़ते ही जा रही है। (सुभाष मुसले, राशन दुकानदार संघ नागपुर)
Created On :   20 Dec 2017 1:44 PM IST