राज्य में तुअर खरीदी बंद, 2 लाख से ज्यादा किसानों को झटका

Tuar purchase stop in Maharashtra state, farmers are shocked
राज्य में तुअर खरीदी बंद, 2 लाख से ज्यादा किसानों को झटका
राज्य में तुअर खरीदी बंद, 2 लाख से ज्यादा किसानों को झटका

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्र सरकार की एजेंसी नाफेड द्वारा समयावधि बढ़ाए जाने की अनुमति न मिलने से प्रदेश में तुअर (अरहर) खरीदी बंद कर दी गई है। तुअर खरीदी बंद होना, किसानों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। क्योंकि प्रदेश में अब भी करीब 13 लाख 15 हजार क्विंटल तुअर खरीदी बकाया है। राज्य में तुअर बेचने के लिए 4 लाख 58 हजार 110 किसानों ने पंजीयन कराया था। जिसमें से अभी तक 2 लाख 52 हजार 877 किसान तुअर बेच चुके हैं। जबकि करीब 2 लाख 5 हजार 233 किसानों से तुअर खरीदा जाना है। गुरुवार को विपणन विभाग के एक अधिकारी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार से अनुमति न मिलने के कारण फिलहाल तुअर खरीदी बंद कर दी गई है।

नाफेड ने राज्य में तुअर खरीदी के लिए 15 मई तक अनुमति दी थी लेकिन काफी तुअर खरीदी बाकी होने के कारण प्रदेश के सहकारिता व विपणन मंत्री सुभाष देशमुख ने केंद्र सरकार को खरीदी का समय बढ़ाने की मांग को लेकर पत्र लिखा था। लेकिन केंद्र सरकार ने अब तक तुअर खरीदी जारी रखने के लिए अनुमति नहीं दिया है। इसके मद्देनजर पणन महासंघ के 169 और  विदर्भ पणन महासंघ (नागपुर) के 23 कुल 192 तुअर खरीद केंद्रों पर तुअर खरीदी बंद कर दी गई है।

नाफेड ने इस साल राज्य में 44 लाख 67 हजार क्विंटल तुअर खरीदी का लक्ष्य रखा था। जिसमें से 31 लाख 80 हजार क्विंटल तुअर खरीदी की जा चुकी है। किसानों ने 1733.53 करोड़ रुपए की तुअर बेची है। जिसमें से किसानों को अब तक 886.25 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। सूत्रों के अनुसार राज्य के गोदामों में भंडारण की क्षमता नहीं होने के कारण इस साल तुअर खरीदी की गति धीमी रही। इसका परिणाम यह हुआ कि अब तक तुअर खरीदी पूरी नहीं की जा सकी है। यदि नाफेड ने तुअर खरीदी की लिए अवधि नहीं बढ़ाया तो प्रदेश सरकार को अपने स्तर पर तुअर खरीदी करनी पड़ सकती है। इसके लिए सरकार को न्यूनतम समर्थन मूल्य के आधार पर 13 लाख 15 हजार क्विंटल भुगतान करना पड़ेगा।

तुअर खरीदी की स्थिति 

नाफेड द्वारा खरीदी का लक्ष्य – 44 लाख 67 हजार क्विंटल
खरीदी गई तुअर- 31 लाख 80 हजार क्विंटल
पंजीयन कराने वाले किसान- 4 लाख 58 हजार 110
तुअर बेचने वाले किसान – 2 लाख 52 हजार 877 
खरीदी गई तुअर की कीमत – 1733.53 करोड़ 
किसानों को अब तक मिली राशि - 886.25 करोड़ 
 

Created On :   17 May 2018 3:16 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story