भंसाली कपंनी में आग से दो कामगारों की मौत- फरार हुआ कंपनी प्रबंधन

Two employees killed in fire caused in Bhansali company, saunsar
भंसाली कपंनी में आग से दो कामगारों की मौत- फरार हुआ कंपनी प्रबंधन
भंसाली कपंनी में आग से दो कामगारों की मौत- फरार हुआ कंपनी प्रबंधन

डिजिटल डेस्क सौंसर।  सौंसर के ग्राम सतनूर में स्थित भंसाली इंजीनियरिंग पॉलिमर्स कंपनी में रविवार रात गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई कामगार आग की लपटों में घिर गए। आग में झुलसने से दो कामगारों की मौत हो गई। वहीं छह कामगार बुरी तरह से झुलस गए है। जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद नागपुर रेफर कर दिया गया है। हालात उस समय और बिगड़ गए जब कंपनी प्रबंधन के अधिकारी कामगारों को बचाने की बजाए मौके से फरार हो गए।

कामगारों की मौत और प्रबंधन की इस कारगुजारी से नाराज ग्रामीणों ने कंपनी में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अमले ने आग की लपटों में घिरे लगभग दो दर्जन कर्मचारियों को बाहर निकाला। आग लगने की मुख्य वजह एफईडी विभाग में सिलेंडर फटना बताया जा रहा है।   

मृतकों की संख्या स्पष्ट नहीं 
कंपनी में जिस भाग में आग लगी है वहां अंधेरा होने से कितने कामगारों की मृत्यु हुई यह देर रात तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासनिक अधिकारियों की माने तो घटना स्थल पर एक कामगार का शव दिखाई दे रहा है वहीं झुलसे हुए कामगारों में से एक ने नागपुर जाते समय दम तोड़ दिया। दोनों मृतकों के नाम सामने नहीं आए है। 

कंपनी में तोड़फोड़ 
आगजनी में सतनूर के एक कामगार की मृत्यु होने की खबर आते ही सतनूर के रहवासियों में आक्रोश भड़क गया। ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपए का मुआवजा और घटना स्थल से फरार होने वाले अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज की जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण कंपनी के भीतर घुस गए और कंपनी कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद उग्र भीड़ को शांत किया। 

गेट बंद कर भागे अधिकारी 
आग की घटना के बाद कंपनी प्रबंधन के अधिकारी गेट बंद कर भाग गए। रात 11.30 बजे तक प्रशासनिक अधिकारी कंपनी के अधिकारियों की तलाश करते रहे। अधिकारी आग में फंसे कामगारों की रक्षा करने की बजाए उन्हें मौत के मुंह में छोड़ कर भाग गए। 

पांच दमकल वाहन पहुंचे मौके पर 
कंपनी में लगी आग की सूचना पर सौंसर की चारों नगरीय निकाय की फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई। आग की भयावहात देख प्रशासन ने पांढुर्ना से फायर बिग्रेड मंगवाई। पांच फायर ने ढ़ाई घंटे में आग को नियंत्रित किया। लेकिन कुछ देर बाद दोबारा कंपनी में आग की लपटे उठने लगी। समाचार लिखे जाने तक पांच फायर आग बुझाने की कोशिश में लगी हैं। 

क्या कहते हैं अधिकारी 
कंपनी के भीतर आग कैसे लगी, कितने कामगारों की मृत्यु हुई और कितने झुलसे है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन के अधिकारी मौके से भाग गए है। आग पर काबू पाने पांच फायर बिग्रेड के अलावा पूरा अमला लगा हुआ है। 
आरएस कुशराम, तहसीलदार

Created On :   30 April 2018 1:32 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story