बेलगाम रफ्तार... 8 दिन में 10 दुर्घटनाएं, 12 ने तोड़ा दम

Unbridled speed... 10 accidents in 8 days, 12 died
बेलगाम रफ्तार... 8 दिन में 10 दुर्घटनाएं, 12 ने तोड़ा दम
- जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाएं बेलगाम रफ्तार... 8 दिन में 10 दुर्घटनाएं, 12 ने तोड़ा दम

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। वाहनों की बेलगाम रफ्तार ने सडक़ दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ाया है। नवम्बर माह के महज आठ दिनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दस भीषण सडक़ दुर्घटनाएं सामने आई। इन दुर्घटनाओं में 12 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं आधा दर्जन से अधिक लोगों को गंभीर चोटें आई है। घायलों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। पुलिस की जांच में अधिकांश सडक़ हादसों की मुख्य वजह यातायात नियमों की अव्हेलना, ओवरलोड वाहन, बेलगाम रफ्तार या चालक का नशे में होना पाया गया है।
रविवार को तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक बुजुर्ग समेत तीन लोगों की जान चली गई। रजाड़ा के एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी तरह मोहखेड़ और कुंडीपुरा थाना में हुए सडक़ हादसों में दो युवकों की जान चली गई।
मातम में बदली त्योहार की खुशियां-
वाहन चालक की मामूली सी लापरवाही और यातायात नियमों की अव्हेलना से नवम्बर के बीते आठ दिनों में 12 लोगों की जान चली गई। मृतकों के परिवारों में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई। चौरई के खैरीटोला में दीपावली की रात पिता-पुत्र की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। इसी तरह दीपावली के दो दिन पूर्व नवेगांव के मोरछी के दो युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
इन आठ दिनों में यहां हुए भीषण हादसे-
- उमरेठ में ऑटो पलटने से 30 वर्षीय यशोदा इवनाती की मौत।
- देहात के बिंदरई के समीप नहर में गिरने से बाइक सवार 45 वर्षीय मनोज जावरकर की मौत।
- चौरई के सिहोरामाल में 40 वर्षीय अशोक यादव को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया।
- जुन्नारदेव में टायर फटने से अनियंत्रित बाइक से गिरे 31 वर्षीय जितेन्द्र बारसिया की मौत।
- दमुआ में बाइक और छोटा हाथी वाहन की टक्कर में 35 वर्षीय सूरतलाल कुमरे की मौत।
- नवेगांव के मोरछी में ट्राली से बाइक जा टकराई थी। हादसे में 22 वर्षीय गुलाब उईके और 30 वर्षीय विनोद उईके की मौत।
- चौरई के खैरीटोला में पेड़ से बाइक जा टकराई थी। हादसे में 35 वर्षीय आशाराम इवनाती और उसके बेटे 12 वर्षीय जित्तू की मौत।
- मोहखेड़ के रजाड़ा में बाइक की टक्कर से 84 वर्षीय सीताराम पिता बालाजी गाडरे की मौत।
- मोहखेड़ के चारगांव में बाइक अनियंत्रित होने से 35 वर्षीय विजेन्द्र पिता बाबू पहाड़े की मौत।
- कुंडीपुरा में सडक़ दुर्घटना में जमुनिया के 35 वर्षीय अरविंद पिता अतरलाल धुर्वे की मौत।

Created On :   8 Nov 2021 10:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story