- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गंगा स्वच्छता मंच की जानकारी देने...
गंगा स्वच्छता मंच की जानकारी देने नागपुर पहुंचीं उमा भारती

शहर प्रतिनिधि| नागपुर. केंद्रीय स्वच्छता व जलापूर्ति विभाग की मंत्री उमा भारती मंगलवार को शहर में पहुंचीं। महल स्थित संघ मुख्यालय में करीब आधे घंटे रहने के बाद वे भोपाल के लिए रवाना हो गईं। उन्होंने यह दौरा काफी गोपनीय रखा था। हालांकि उन्होंने कहा है कि उनके विभाग ने गंगा स्वच्छता मंच बनाया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत गंगा मामले में रुचि रखते हैं। उन्हें स्वच्छता मंच के गठन की जानकारी देने के लिए ही यहां आयी थी।
नितीन गड़करी के संरक्षण में चल रहा गंगा स्वच्छता अभियान: उमा भारती ने यह भी कहा कि जलसंसाधन मंत्री नितीन गडकरी के संरक्षण में गंगा स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है।यह अभियान जिस गति से चल रहा है उससे इसके शीघ्र पूर्ण होने की संभावना भी है।हालांकि सूत्र का दावा है कि उमा भारती इस बार विशेष बुलावे पर संघ मुख्यालय पहुंची थीं। वे विमान यात्रा से परहेज करती हैं, लेकिन इस बार हेलिकॉप्टर से आई थीं। संघ मुख्यालय के बाद उन्होंने संघ विचारक मा.गो. वैद्य के आवास पर जाकर उनसे भी मुलाकात की। रात में तमिलनाडु एक्सप्रेस से भोपाल के लिए रवाना हुईं। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की राजनीति में भी उमा भारती अचानक सक्रिय हुई हैं। इसी वर्ष मध्यप्रदेश में विधानसभा का चुनाव होने वाला है। दो दिन पहले ही उज्जैन में संघ पदाधिकारियों की उपस्थिति में एक महोत्सव में उन्होंने स्वयं की तुलना जंगल कथा के पात्र मोगली से की थी। बाद में यह भी कहा था कि मध्यप्रदेश के चुनाव में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। माना जा सकता है कि मध्यप्रदेश की राजनीति से संबंधित किसी विषय पर चर्चा के लिए वे संघ पदाधिकारी से मिलने यहां आई थीं। मध्यप्रदेश की राजनीति में उमा भारती की भूमिका और उनके समर्थकों की संख्या को देखते हुए राजनीति हलके में उनका यह दौरा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
Created On :   10 Jan 2018 12:04 PM IST