वन्या रेडियो स्टेशन पर गिरी गाज, ध्वस्त हो गए संस्कृति को सहेजने के स्टूमेंट्स

Vanya radio station fell, Stunts to save culture were demolished
वन्या रेडियो स्टेशन पर गिरी गाज, ध्वस्त हो गए संस्कृति को सहेजने के स्टूमेंट्स
वन्या रेडियो स्टेशन पर गिरी गाज, ध्वस्त हो गए संस्कृति को सहेजने के स्टूमेंट्स



फंड और रखरखाव के अभाव में पांच माह से बंद पड़ा है रेडियो स्टेशन
डिजिटल डेस्क तामिया/छिंदवाड़ा। आदिवासी संस्कृति को सहेजने, ग्रामीणों को जागरुक करने के लिए बिजोरी में स्थापित वन्या रेडियो स्टेशन बीते पांच माह से बंद पड़ा है। गाज गिरने से रेडियो स्टेशन के सारे सिस्टम ध्वस्त हो गए। संस्कृति को सहेजने के लिए प्रोग्राम तैयार करने वाले कर्मचारियों को वेतन के भी लाले पड़े हैं। आदिवासी विभाग का वन्या प्रकाशन इस स्टेशन को दोबारा खड़ा करने में दिलचस्पी नहीं दिखा है।
जानकारी अनुसार आदिम जाति कल्याण विभाग के वन्या प्रकाशन के जरिए तामिया विकासखंड के बिजोरी गांव में वन्या रेडियो स्टेशन साल 2012 में स्थापित किया गया था। 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों तक श्रोताओं को रेडियो के माध्यम से लोकगीत से मनोरंजन, योजनाओं की जानकारी व बच्चों के लिए शैक्षणिक कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाता था। स्थानीय स्तर पर भी साक्षात्कार  की रिकार्डिंग प्रसारित की जाती थी। आदिवासियों की परंपराओं को सहेजने के लिए शुरु किए गए रेडियो स्टेशन पर फरवरी 2021 में गाज गिरी थी। तभी से फंड व मेंटेनेंस के अभाव में रेडियो स्टेशन बंद पड़ा है। वन्या प्रकाशन को लिखे गए पत्रों के न तो जवाब मिले न मदद मिली।
महज 30 हजार रुपए महीने का है बजट
बिजोरी स्थित रेडियो स्टेशन में ढाई हजार रुपए के मानदेय पर बतौर प्रभारी के रूप में माध्यमिक शाला बिजोरी के प्राचार्य को पदस्थ किया गया है। इनके अलावा 10 हजार की तनख्वाह वाले एक समन्वयक, 9 हजार की तनख्वाह वाले एक सहायक समन्वयक और 8 हजार रुपए की तनख्वाह पर एक चौकीदार को भर्ती किया गया था। दो माह से बजट नहीं मिलने के कारण कर्मचारी परेशान हैं।
मनोरंजन के साथ समस्या का भी होता था समाधान
90.4 मेगाहट्र्ज पर प्रसारित होने वाले वन्या के प्रोग्राम सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलते थे, जिसमें भारिया, गोंडी लोकगीत, बजत का राग, बच्चों के लिए कार्यक्रम, शासन की योजनाओं की जानकारी और भोपाल से प्रसारित होने वाले प्रोग्राम का प्रसारण होता था। शाम 4 बजे से रात 9 बजे से इन्हीं कार्यक्रमों का रिपीट टेलीकास्ट होता था।
साल भर से चल रही थी तकनीकी खामियां
रेडियो स्टेशन के समन्वयक प्रकाश धुर्वे का कहना है कि करीब एक साल से तकनीकी खामियों के कारण प्रसारण में समस्या हो रही थी। श्रोताओं को नियमित रूप से इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। फरवरी 2021 में तूफान आया था, गाज गिरने से ट्रांसमीटर जल गया था।
इनका कहना है...  
॥रेडियो स्टेशन का प्रभार कुछ समय पहले ही मिला है। तभी से रेडियो स्टेशन बंद है। भोपाल स्थित वन्या प्रकाशन से ही संचालन होता है। इस बारे में वहीं जो बेहतर जानकारी मिल सकेगी मैं इस मामले में कुछ नहीं कह सकता।
-गनपतराव चौधरी
वन्या रेडियो केंद्र प्रभारी बिजोरी

Created On :   1 Aug 2021 11:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story