- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- वेंटिलेटर खरीदी में गड़बड़ी!...
वेंटिलेटर खरीदी में गड़बड़ी! कलेक्टर ने पेमेंट पर लगाई रोक, जांच के आदेश

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। महामारी कोरोना वायरस की सब तरफ दहशत बनी हुई है। महामारी से निपटने जिला अस्पताल के लिए खरीदे गए दो वेंटिलेटर की खरीदी पर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा नेताओं की शिकायत पर कलेक्टर ने वेंटिलेटर व मॉनीटर खरीदी के भुगतान पर रोक लगा दी है। साथ ही इसकी जांच के आदेश दिए हैं। जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि वेंटिलेटर खरीदी में गुणवत्ता और दरों का ध्यान नहीं रखा गया है।
भाजपा नेता विजय पांडे, शिव मालवी, संतोष राय और हरिओम सोनी ने शुक्रवार को कलेक्टर से मुलाकात कर वेंटिलेटर व अन्य उपकरण खरीदी को लेकर शिकायती पत्र प्रस्तुत किया। जिसमें कहा गया है कि विपरीत परिस्थतियों से निपटने सांसद ने अपनी निधि से वेंटिलेटर खरीदी के लिए 25 लाख रुपए दिए हैं। इस राशि से जो वेंटिलेटर खरीदे गए हैं, उनमें पर्याप्त गुणवत्ता नहीं हैं। यह आरोप भी लगाया कि महज कोटेशन के जरिए लाखों की खरीदी कर ली गई है। एडल्ट वेंटिलेटर की जगह पोर्टेबल वेंटिलेटर सप्लाई किया गया है। उन्होंने वेंटिलेटर किस रेट पर सप्लाई होने थे और किस रेट पर हुए इस पर भी संदेह जताते हुए जांच की मांग की है। साथ ही जिस फर्म ने वेंटिलेटर सप्लाई की है वह अधिकृत नहीं है। कलेक्टर डॉ श्रीनिवास शर्मा ने उक्त शिकायत की जांच के लिए टीम गठित की है। भुगतान पर रोक लगाते हुए उन्होंने तीन दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने आदेश दिए हैं।
मेहरबानी...बिल में एक्स्ट्रा डिस्काउंट का जिक्र
वेंटिलेटर की सप्लाई बरारीपुरा की एक फर्म ने की है। स्वास्थ्य विभाग को 2 एडल्ट वेंटिलेटर 20 लाख 98 हजार 880 रुपए और 2 बीआई पेप मशीन का 5 लाख रुपए का बिल प्रस्तुत किया गया है। खासबात यह कि बिल में एक्स्ट्रा डिस्काउंट 98 हजार 880 दर्शाया गया है। यानी 25 लाख रुपए का भुगतान होना है।
किसका खेल...बरारीपुरा की फर्म ने की सप्लाई:
जिला अस्पताल को वेंटिलेटर की सप्लाई बरारीपुरा की एक फर्म ने की है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक बरारीपुरा के एक व्यक्ति ने अलग-अलग नामों से तीन फर्म बना रखी है। सांठगांठ के जरिए लंबे समय से महज कोटेशन के जरिए सप्लाई का बड़ा खेल उक्त फर्म खेल रही है। अब तक करोड़ों की सप्लाई की जा चुकी है। इमरजेंसी के नाम पर कोटेशन के जरिए वर्तमान में लाखों की सप्लाई की गई है।
सांसद निधि...अस्पताल को दो सांसदों ने दिए 35 लाख रुपए:
जिला अस्पताल में उपकरणों के लिए सांसद नकुलनाथ ने अपनी निधि से 25 लाख रुपए और राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी ने 15 लाख रुपए की राशि दी है। सांसद नकुलनाथ ने दो वेंटिलेटर खरीदने राशि दी है। उक्त राशि से ही वेंटिलेटर खरीदे गए हैं। वहीं राज्यसभा सांसद श्री सोनी ने 1 वेंटिलेटर और 5 लाख रुपए अन्य उपकरणों के लिए दिए हैं।
Created On :   11 April 2020 6:12 PM IST