- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- छह साल में पहली बार पहुंचा 80 किमी...
छह साल में पहली बार पहुंचा 80 किमी तक केनाल से पानी

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। बार-बार नहरों के स्ट्रक्चर टूटने की खबरों के बीच एक अच्छी बात यह कि पेंच परियोजना की मुख्य नहर एसबीसी को लांघते हुए पानी 80 किमी तक पहुंच गया है। माचागोरा बांध बनने और नहरों से पानी छोड़े जाने की शुरूआत के बाद छह साल में यह पहला मौका है जब पेंच परियोजना की सिवनी जिले में डी थ्री और डी फोर डिस्ट्रीब्यूटरी नहरों तक पानी पहुंच पाया है। हालांकि अभी दिल्ली दूर है, क्योंकि करीब 39 किमी लंबी डी थ्री केनाल में करीब 4 किमी और 20 किमी लंबी डी फोर केनाल में करीब डेढ़ किमी की दूरी तक ही पानी पहुंच पाया है। बमुश्किल पहुंचे पानी को आगे तक ले जाने में पेंच परियोजना को अभी और मशक्कत करनी पड़ेगी।
नहरें चालू पानी नालों व नदियों में जा रहा:
अभी पेंच परियोजना की सभी नहरें चालू हैं। यानी नहरों मेंं पानी छोड़ा जा रहा है। एलबीसी मुख्य केनाल में 36 क्यूबिक मीटर पानी प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है। लबालब बह रही नहरों से किसान अभी पानी नहीं ले रहे हैं। बारिश की वजह से उन्हें जरूरत नहीं है। ऐसे में पानी नालों व नदियों में पहुंच रहा है। सिवनी की जिन नहरों में अभी पानी पहुंचा है वहां जरूर किसानों को जरूरत है, लेकिन अभी उनकी जरूरत के अनुसार पानी नहीं पहुंच पाया है।
केनाल नेटवर्क को ऐसे समझें...
एलबीसी: पेंच परियोजना की मुख्य एलबीसी केनाल की लंबाई 20 किमी है। इसी से मुख्य सिवनी ब्रांच केनाल निकली है।
सिवनी ब्रांच केनाल: इसकी लंबाई 47 किमी है। उक्त नहर से ही सिवनी जिले की डिस्ट्रीब्यूटरी और सब डिस्ट्रीब्यूटरी नहरें निकलीं हैं।
डी टू केनाल: ब्रांच केनाल के समाप्त होने के बाद 47 वें किमी के बाद डी टू डिस्ट्रीब्यूटरी नहर की शुरूआत हो जाती है। जिसकी लंबाई करीब 10 किमी है। उक्त नहर पर 4 हजार हेक्टेयर में सिंचाई निर्भर है।
डी थ्री केनाल: डी-टू के बाद डी थ्री नहर की शुरूआत होती है। जिसकी लंबाई 39 किमी तक है। छपारा के करीब तक पहुंचने वाली उक्त नहर पर 4 हजार हेक्टेयर सिंचाई का दारोमदार है।
डी फोर केनाल: उक्त डिस्ट्रीब्यूटरी भी डी टू नहर से निकली है। लंबाई 20 किमी है, जबकि इससे जुड़ी सब डिस्ट्रीब्यूटरी की लंबाई करीब 30 किमी है। 10 हजार हेक्टेयर से ज्यादा का रकबा उक्त नहरों पर निर्भर है।
इनका कहना है...
लगातार प्रयासों से पानी सिवनी की डिस्ट्रीब्यूटरी नहरों तक पहुंच गया है। जीरो से पानी छोड़े जाने के बाद पहुंचने में वक्त लगता है। अगले तीन चार दिनों में डिस्ट्रीब्यूटरी नहरों में किसानों के उपयोग लायक पानी पहुंच जाएगा।
- आरके भलावी, ईई, पेंच परियोजना
Created On :   15 Jan 2022 10:23 PM IST