26 सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति से 314.71 हजार हेक्टेयर की हुई अतिरिक्त सिंचाई क्षमता

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कहा है कि 2016-17 से 2021-2022 के दौरान महाराष्ट्र में 26 सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति से 314.71 हजार हेक्टेयर की अतिरिक्त सिंचाई क्षमता सृजित हुई है। सरकार ने संसद में बताया कि राज्य में चल रही 26 सिंचाई परियोजनाओं में से 9 पूरी हो चुकी है। राज्यसभा सदस्य अनिल बोंडे के सवाल के लिखित जवाब में जल शक्ति राज्य मंत्री बिश्वेश्वर टुडु ने बताया कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम (पीएमकेएसवाई-एआईबीपी) के लॉन्चिंग के बाद महाराष्ट्र में चल रही 26 बड़ी और मध्यम सिंचाई परियोजनाओं को इसमें शामिल किया गया था। मंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं की अनुमानित लागत 21,925.75 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र का हिस्सा 3109.98 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा वर्ष 2021-22 में पीएमकेएसवाई-एआईबीपी के तहत राज्य की एक जिहे कठापुर लिफ्ट सिंचाई योजना को शामिल किया गया है। केंद्र को राज्य से नई सिंचाई परियोजना के बारे में कोई प्रस्ताव प्राप्त होने के बारे में पूछे सवाल के जवाब में मंत्री ने बताया कि सितंबर 2022 में राज्य से काटेपूर्णा बैराज मध्यम सिंचाई परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्राप्त हुई है और जनवरी 2023 में केंद्रीय जल आयोग द्वारा परियोजना अधिकारियों को प्रारंभिक अवलोकन के लिए कहा गया है।
मंत्री ने बताया कि पीएमकेएसवाई-एआईबीपी के तहत वर्ष 2021-22 के दौरान केंद्र से राज्य को 314.34 करोड़ और विशेष पैकेज के रुप में 725 करोड़ रुपये दिए गए है। वहीं वर्ष 2022-23 में 10 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज दिया गया है।
Created On :   13 Feb 2023 10:15 PM IST