- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- प्रेमी के साथ मिलकर पहले पति का शव...
प्रेमी के साथ मिलकर पहले पति का शव लगाया ठिकाने, फिर दर्ज कराई दी गुमशूदगी की शिकायत, महिला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने और उसका शव ठिकाने लगाने के बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने वाली एक महिला को पालघर की बोइसर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में महिला के प्रेमी को भी पुलिस ने मुंबई के एमआईडीसी इलाके से दबोच लिया है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम ममता रावत और रामप्रकाश रावत है। पुलिस के मुताबिक ममता ने 15 फरवरी को बोइसर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पति अनिलकुमार रावत 13 फरवरी 2018 से काम पर जाने के बाद वापस नहीं लौटा है। 16 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि जंगल के करीब झाड़ियों में एक शख्स का शव पड़ा है। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो इस बात की पुष्टि हुई की शव अनिल का ही है।
शव के चेहरे, पेट, सिर समेत शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। इसके बाद पुलिस की एक टीम रविवार को छानबीन के लिए ममता के घर पहुंची तो वहां खून के धब्बे नजर आएं। साथ ही पुलिस ने आसपास रहने वालों से भी जानकारी इकठ्ठा की तो पता चला कि रावत दंपति के साथ एक और शख्स रहता था जो पिछले कुछ दिनों से गायब है। पुलिस ने ममता से शक के आधार पर पूछताछ शुरू की लेकिन उसने बहानेबाजी जारी रखी।
इसी बीच पुलिस ने रामप्रकाश को मुंबई के अंधेरी इलाके से दबोच लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। रामप्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह रावत दंपति का दूर का रिश्तेदार है। तीन महीने पहले ही वह कामकाज की तलाश में गांव से आया था।
इस बीच उसके और ममता के बीच नाजायज संबंध बन गए। अनिल को इस संबंध की भनक लग गई जिसके चलते वारदात की रात दोनों में पहले विवाद और फिर हाथापाई हुई। इसके बाद रामप्रकाश ने भारी चीज से वार कर अनिल की जान ले ली। इसके बाद ममता की मदद से उसने रात में ही शव जंगली इलाके में ले जाकर फेंक दिया।
Created On :   19 Feb 2019 6:47 PM IST