- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- महिला अधिकारी-कर्मचारियों ने संभाली...
महिला अधिकारी-कर्मचारियों ने संभाली यातायात का कमान

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। शहर समेत पूरे जिले में मंगलवार को यातायात व्यवस्था की कमान महिला पुलिस बल ने संभाली। चौक-चौराहों पर लोगों को यातायात के नियमों की जानकारी दी। लोगों ने भी महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान करते हुए यातायात नियमों का पालन किया। पुलिस अधिकारियों ने भी महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।
यातायात डीएसपी सुदेश सिंह ने बताया कि विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को जिले की यातायात व्यवस्था महिला अधिकारी व कर्मचारियों को सौंपी गई थी। जिसमें 4 निरीक्षक, 2 सूबेदार, 16 उप निरीक्षक व 80 महिला पुलिस कर्मी जिले की सडक़ों पर यातायात व्यवस्था संभालने तैनात की गई थीं। महिलाओं ने अपने-अपने अनुभाग में बेहतर ढंग से जिम्मेदारियों को संभाला। वाहन चालकों को यातायात के नियमों की जानकारी दी। यातायात व्यवस्था को भी बखूबी संभाले रखा। कुछ महिला अधिकारी व कर्मचारियों ने तो नियमित रूप से इस तरह की जिम्मेदारियों को निभाने की पेशकश भी की।
कहां-कहां तैनात रहा महिला बल
अनुभागों में 4 निरीक्षक, 12 उपनिरीक्षक, 60 महिला आरक्षक जिले के अनुभागों में पदस्थ की गई थीं। लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया।
शहर में: 4 उपनिरीक्षक, 2 सूबेदार, 20 महिला पुलिसकर्मी शहर के चौक-चौराहों पर तैनात रहीं। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने जागरुक किया।
Created On :   8 March 2022 10:19 PM IST