मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में महिलाओं ने पुुरुषों को पछाड़ा

Women outnumber men in getting their names added to the voter list
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में महिलाओं ने पुुरुषों को पछाड़ा
जिले में कुल मतदाता 18 लाख के पार हुए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में महिलाओं ने पुुरुषों को पछाड़ा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में 9 नवम्बर के बाद से अभी तक 38 हजार 883 मतदाता बढ़ गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इस बढ़ोत्तरी में महिलाओं का योगदान अधिक है। इस दौरान 22413 महिला मतदाता बढ़ीं जबकि पुरुषों की संख्या 16445 रही। इसी प्रकार जेंडर रेशो में 7.45 आर ईपी रेशो में 1.39 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। जिले में 18-19 आयु वर्ग के वोटर्स की संख्या में 18817 का इजाफा हुआ। 

25 थर्ड जेंडर मतदाता भी बढ़े। इसके साथ ही जिले के कुल मतदाता भी अब 18 लाख के पार हो गए हैं। मतदाता सूची के पुनरीक्षण अवधि में सर्वाधिक मतदाता पनागर विधानसभा में 9753 बढ़े जबकि पूर्व विधानसभा में 7926 मतदाताओं के नाम काटे गए। भारत निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत फोटो मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज 5 जनवरी को जिले के सभी अभिहित स्थलों एवं मतदान केन्द्रों पर किया गया। इसके बाद स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को बताया गया कि जिले में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की स्थिति में कुल मतदाताओं की संख्या अब 18 लाख 03 हजार 048 हो गई है। मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के समय 9 नवम्बर को मतदाताओं की यह संख्या 17 लाख 64 हजार 165 थी। 

राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद थे | स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर नम:शिवाय अरजरिया तथा राजनैतिक दलों की ओर से  सत्येन्द्र ज्योतिषी, राजेन्द्र सराफ, शिवकुमार चौबे, गिरजेश श्रीवास्तव, अरुण सैनी, सुरजीत कुशवाहा, शरद तिवारी आदि मौजूद थे।

25 हजार की वोटर आईडी भी बदली

मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 69 हजार 657 मतदाताओं में से 25 हजार 465 मतदाताओं के वोटर आईडी के श्याम श्वेत फोटो को रंगीन फोटो में बदला गया है। शेष 44 हजार 192 मतदाताओं के फोटो भी रंगीन फोटो से परिवर्तित करने का कार्य मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद जारी रहेगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 21 हजार 705 मतदाताओं का आधार संग्रहण भी किया गया है। जिले में अब 18 लाख 03 हजार 048 मतदाताओं में से 14 लाख 82 हजार 012 मतदाताओं के आधार नंबर संग्रहित किए जा चुके हैं। यह कुल मतदाताओं का 82.19 प्रतिशत है। 

नाम जोड़ने के 63 हजार आवेदन

इस सम्बंध में आयोजित पत्रकारवार्ता में उपजिला निर्वाचन अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया ने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के बाद विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की एक माह तक चली प्रक्रिया के दौरान नाम जोड़ने के 63 हजार 171, नाम काटने के 23 हजार 174 तथा नामों में संशोधन के लिए 41 हजार 624 आवेदन प्राप्त हुए थे। मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में महिला मतदाता की संख्या 8 लाख 57 हजार 014 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 07 हजार 66 थी। अंतिम प्रकाशन में अब ये बढ़कर क्रमश: 8 लाख 79 हजार 427 और 9 लाख 23 हजार 511 हो गई है।

Created On :   6 Jan 2023 10:06 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story