- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- मामूली विवाद पर युवक को उतार दिया...
मामूली विवाद पर युवक को उतार दिया मौत के घाट, दो आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। उमरेठ के ग्राम जायदेहीढाना में कुरकुरे खा रहे युवकों में विवाद हो गया। विवाद में एक युवक ने दूसरे युवक की बेल्ट से पिटाई कर दी। इस बात से नाराज युवक ने धारदार हथियार से युवक पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद अपने साथी के साथ शव को गांव से कुछ दूरी पर बने कुएं के गड्ढ़े में फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि जायदेहीढाना में शुक्रवार शाम एक दुकान के बाद कुरकुरे खाते वक्त जायदेहीढाना निवासी विजय पिता हीरामन कुमरे (26) और बेलखेड़ा निवासी भजनू पिता सुनीलाल पंद्राम (40) के बीच विवाद हो गया। विवाद में विजय ने बेल्ट से भजनू पर हमला कर दिया था। इसी बात पर रात में भी दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद विजय कुमरे गांव के अशोक बट्टी के घर के आंगन में जाकर सो गया। उसके साथ धरमदास मोहबे भी था। मारपीट से गुस्साएं भजनू ने गहरी नींद में सोए विजय पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हत्या के बाद भजनू ने अपने साथी अशोक बट्टी के साथ मिलकर विजय का शव गांव से कुछ दूरी पर बने कुएं के एक सूखे गड्ढे में ले जाकर फेंक दिया था। पुलिस ने भजनू और अशोक बट्टी की गिरफ्तारी कर ली है।
धरमदास मौके से फरार हो गया था-
अशोक बट्टी के घर के आंगन में विजय और धरमदास मोहबे दोनों सो रहे थे। शुक्रवार रात भजनू ने विजय पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और धरमदास को भी धमकी दी। हत्या होती देख धरमदास मौके से फरार हो गया। वह इतना डरा हुआ था कि हत्या के संबंध में उसने किसी को कुछ नहीं बताया। पुलिस ने धरमदास को भी पूछताछ के लिए थाने लाई थी।
Created On :   3 May 2020 9:42 PM IST