- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- क्वॉरेंटाइन से छुट्टी मिलने के...
क्वॉरेंटाइन से छुट्टी मिलने के दूसरे दिन ही युवक की हुई मौत

डिजिटल डेस्क छिन्दवाड़ा/पांढुर्ना। राजगढ़ से लौट कर क्वॉरेंटाइन में 14 दिन रहने के बाद छुट्टी मिलने के दूसरे दिन ही एक युवक की मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने कोरोना प्रोटोकॉल के तहत ही युवक का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराया। मामले की गंभीरता को देख सीएमएचओ डॉ. प्रदीप मोजेस भी पांढुर्ना पहुँच गए। मामला ग्राम टेमनीकला का है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिराटा स्थित क्वॉरेंटाइन सेंटर से ग्राम टेमनीकला निवासी गणेश पिता श्यामराव परतेती उम्र 38 वर्ष को गुरुवार की शाम चार बजे छुट्टी मिली। वह 15 दिन पहले राजगढ़ जिले के एक गांव से लौटा था। लगभग दो महीने पहले वह संतरा तोडऩे के लिए राजगढ़ गया था। पांढुर्ना लौटने के बाद से ही उसे ग्राम सिराटा के प्राथमिक शाला में बनाएं गए क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा गया था। गुरुवार को चौदह दिन पूरे होने के बाद उसे घर जाने की अनुमति दे दी गई थी।
टीआई भूपेंद्र गुलबाके ने बताया कि मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम से ही गणेश लगातार शराब पी रहा था। शुक्रवार की सुबह से ही उसने शराब पीना शुरु कर दिया दोपहर दो बजे वह गांव से थोड़ी दूरी पर अत्यंत नशे की हालत में पड़ा हुआ मिला था। एक महिला ने इस आशय की जानकारी उसके परिजनों को दी, इसके बाद गांववालों ने बैलगाड़ी में लिटा कर उसे घर लाया। शुक्रवार की दोपहर चार बजे उसकी हालत बहुत गंभीर हो गई। उसके बाद एक मैजिक वाहन से उसे पांढुर्ना के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां रात आठ बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। शनिवार की सुबह पीएम हाउस में डॉ.नरेश गोन्नाडे ने पूरे एहतियात के साथ मृतक गणेश का पीएम किया। इस दौरान अस्पताल में सीएमएचओ डॉ.प्रदीप मोजेस, बीएमओ डॉ.अशोक भगत, तहसीलदार मनोज चौरसिया, नायब तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र बरैया, डॉ.विनीत श्रीवास्तव सहित अन्य प्रशासनिक अमला मौजूद था।
इनका कहना:
-जानकारी मिलते ही हम मृतक के गांव गए थे। परिजनों और अन्य लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक शराब का आदी था। क्वॉरेंटाइन से छूटने के बाद वह लगातार शराब पी रहा था। शुक्रवार की दोपहर उसने बिना भोजन किए बहुत अधिक शराब का सेवन किया। संभवत: इसी के कारण उसकी मौत हो गई। इसके बावजूद हमने कोरोना प्रोटोकॉल के तहत उसका पीएम और अंतिम संस्कार करवाया है।
-सीपी पटेल एसडीएम, पांढुर्ना।
-चूंकि मृतक राजगढ़ से आया था। वह 14-15 दिन क्वॉरेंटाइन सेंटर में भी था। इसलिए उसका ब्लड सेम्पल लिया गया है। कोरोना की जांच के लिए सेंपल भेजा जाएगा। इसके अलावा बारीकी से पीएम करवाया गया है। फिलहाल मृतक के शरीर में कोरोना जैसे कोई लक्षण नजर नहीं आए। इसके बावजूद हर तरह की सावधानियां बरती जा रही है।
-डॉ.प्रदीप मोजेस सीएमएचओ, छिंदवाड़ा।
Created On :   9 May 2020 7:18 PM IST