पुरानी रंजिश पर युवक की गोली मारकर हत्या

माढ़ोताल करमेता के समीप हुई वारदात, नाबालिग सहित 4 आरोपी गिरफ्तार पुरानी रंजिश पर युवक की गोली मारकर हत्या

डिजिटल डेस्क जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित करमेता में गुरुवार की रात पुरानी रंजिश के चलते निगरानीशुदा बदमाश 24 वर्षीय मानस उपाध्याय को गोली मार दी गई। हमले में घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहाँ देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जाँच-पड़ताल करते हुए मुख्य आरोपी राजा सोनी एवं नाबालिग सहित दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी मूलत: भोपाल का रहने वाला बताया जा रहा है।
इस संबंध में टीआई रीना पांडे ने बताया कि गुरुवार की देर रात करमेता के पास गोली लगने से घायल मानस उपाध्याय को इलाज के लिए अस्पताल ले जाए जाने की सूचना पर पहुुँची पुलिस को घायल के साथी आकाश दुबे ने बताया कि मानस उपाध्याय उसका पुराना दोस्त है। करीब एक सप्ताह पहले शराब पीने की बात को लेकर उसका क्षेत्र में रहने वाले राजा सोनी से विवाद हुआ था। बीती रात मानस अपने दोस्त आकाश के घर के पास खड़ा था। उसी दौरान राजा सोनी अपने तीन साथियों के साथ आया और पिस्टल निकालकर मानस पर फायर कर दी। गोली मानस के पेट में लगी और वह मौके पर ही गिर गया। आकाश व कुछ अन्य लोग उसे इलाज के लिए मेट्रो अस्पताल ले गए, वहाँ से उसे मेडिकल रेफर किया गया जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जाँच उपरांत पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ आशीष सोनी, अभय उर्फ अब्बू कुशवाहा निवासी पनागर राजेश पटेल उर्फ बाबा निवासी करमेता व एक 15 वर्षीय अपचारी बालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस, चाकू व दो बाइक जब्त की हैं।
बेदी नगर में रहता था मृतक
जानकारी के अनुसार मृतक मानस पहले करमेता क्षेत्र में रहता था और कुछ समय पहले वह अपने परिवार के साथ बेदी नगर में रहने लगा था। वह अक्सर अपने पुराने मोहल्ले में आता-जाता था। वहाँ उसकी राजा से दोस्ती हुई थी। करीब एक सप्ताह पहले पैसों के लेन-देन को लेकर राजा सोनी से उसका विवाद हुआ था। जिस पर मानस ने राजा पर तलवार से हमला कर घायल कर दिया था। उसी का बदला लेने के लिए राजा ने गोली मारकर उसकी हत्या करना कबूल किया।
ऑटो चलाता था आरोपी
जानकारी के अनुसार आरोपी राजा सोनी भोपाल से जबलपुर आकर करमेता क्षेत्र में रह रहा था और ऑटो चलाता था। मुख्य आरोपी के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वारदात के बाद वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

Created On :   20 April 2023 5:13 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story