- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जोन सभापति चुनाव: भाजपा का 9 जोन पर...
जोन सभापति चुनाव: भाजपा का 9 जोन पर कब्जा, 8 निर्विरोध

डिजिटल डेस्क,नागपुर। मनपा के जोन सभापति चुनाव में 10 में से 8 जोन पर भाजपा सदस्य निर्विरोध चुने गए। कांग्रेस में आपसी गुटबाजी फिर चरम पर दिखी। प्रतिपक्ष नेता तानाजी वनवे ने मंगलवारी और आशीनगर जोन सभापति के लिए सोमवार रात को व्हीप जारी किया, लेकिन आशीनगर जोन में कोई उम्मीदवार नहीं देने और मंगलवारी जोन से अपने उम्मीदवार का नामांकन वापस लेने से, दोनों जगह कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी।
कांग्रेस ने बसपा को दिया समर्थन
आशीनगर जोन में अंतिम समय तक तानाजी वनवे ने अपनी भूमिका स्पष्ट नहीं करने से अंतत: कांग्रेस के तीन नगरसेवकों ने बसपा (7 वोट) को समर्थन दिया। भाजपा के 3 सदस्य वोटिंग के दौरान अनुपस्थित रहे और बसपा की वंदना चांदेकर सभापति पद पर निर्विरोध चुनीं गईं। यही स्थिति मंगलवारी जोन में रही। कांग्रेस ने रश्मि धुर्वे को यहां नामांकन किया, लेकिन अंतिम समय में उन्हें नामांकन वापस लेने के लिए कहा गया। कांग्रेस नगरसेविका गार्गी चोपड़ा अनुपस्थित रहने से भाजपा की संगीता गिर्हे बहुमत के आधार पर सभापति चुन ली गईं। भाजपा को 8 और बसपा के नरेंद्र वालदे को 7 वोट मिले। दोनों जोन में कांग्रेस की अस्पष्ट भूमिका से अब प्रतिपक्ष नेता तानाजी वनवे के खिलाफ बगावती तेवर सख्त हो गए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नगरसेवक संदीप सहारे, मनोज सांगोले, भावना लोणारे ने तानाजी वनवे को पद से हटाने की मांग की है। इसकी वरिष्ठ स्तर पर शिकायत करने की भी जानकारी दी।
8 जोन में भाजपा सभापति निर्विरोध चुने गए
मंगलवार को 10 जोन सभापति चुनाव में 8 जोन पर भाजपा सदस्य निर्विरोध चुने गए। भाजपा ने इस बार लक्ष्मीनगर जोन सभापति प्रकाश भोयर व लकड़गंज जोन के सभापति दीपक वाडीभस्मे को दोबारा मौका दिया। 7 जोन में नये चेहरे दिए। नए चेहरों में धरमपेठ जोन के सभापति प्रमोद कौरती, हनुमान नगर जोन से सभापति रूपाली ठाकुर, धंतोली जोन से सभापति विशाखा बांते, नेहरू नगर जोन से सभापति रिता मुले, गांधीबाग जोन से सभापति वंदना यंगटवार, सतरंजीपुरा जोन से सभापति यशश्री नंदनवार व मंगलवारी जोन से सभापति संगीता गिर्हे को चुना गया। आशीनगर जोन से भाजपा ने भाग्यश्री कानतोडे को मौका दिया था, जिसे पराजय का सामना करना पड़ा।
मंगलवारी जोन में रही गजब स्थिति
मंगलवारी जोन में भाजपा ने संगीता गिरे को उम्मदीवार बनाया था, वहीं कांग्रेस ने रश्मी धुर्वे व बसपा ने नरेन्द्र वालदे को प्रत्याशी के रुप में उतारा था। यहां कांग्रेस के 5, बसपा के 3 नगरसेवक हैं, लेकिन कांग्रेस नगरसेवक गार्गी चोपड़ा नहीं पहुंची। अंतिम समय कांग्रेस ने रश्मि धुर्वे को भी अपना नामांकन वापस लेने को कहा, जिसके बाद मैदान में भाजपा की संगीता गिर्हे और बसपा के नरेंद्र वालदे थे, लेकिन नरेंद्र वालदे बहुमत जुटा नहीं पाए। जिसके संगीता गिर्हे अपने 8 वोट लेकर जीत गईं। नरेंद्र वालदे को बसपा के 3 और कांग्रेस के 5 वोट मिले।
भाजपा के लिए था ह्वीप
पिछली बार पार्टी के कुछ नगरसेवकों ने जोन सभापति के चुनाव में सत्तापक्ष के पक्ष में मतदान किया था। इस बार ऐसा न हो, इसे रोकने के लिए ह्वीप जारी किया गया था।
(तानाजी वनवे, विरोधी पक्ष नेता)
Created On :   11 April 2018 12:59 PM IST