पन्ना: पोषण पुनर्वास केन्द्र में मोहिनी को मिला पुनर्जीवन

पोषण पुनर्वास केन्द्र में मोहिनी को मिला पुनर्जीवन

डिजिटल डेस्क, पन्ना। पोषण पुनर्वास केंद्र पन्ना के कर्मचारियों की सक्रियता से मनकी कटारिया गांव निवासी कुपोषित आदिवासी बच्ची मोहिनी को नया जीवन मिला है। बच्ची के पिता गोरेलाल आदिवासी एवं मां रेखा आदिवासी अपनी तीन वर्ष की बीमार बच्ची को लेकर जिला अस्पताल इलाज कराने पहुंचे थे। यहां चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच के बाद मोहिनी को बच्चा वार्ड में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान बच्ची के गंभीर बीमार होने के कारण चिकित्सकों द्वारा रेफर करने की तैयारी के बारे में जानकारी लगने पर पोषण पुनर्वास केंद्र के कर्मचारियों द्वारा बच्ची के परिवार से संपर्क किया गया और विगत 9 सितंबर को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर लिया गया। भर्ती के दौरान बच्ची मोहिनी का वजन निरंतर घट रहा था। मोहनी को 22 दिन पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती रखा गया। उसे इलाज और हेल्दी डाइट दी गई जिससे मोहिनी की कुपोषण की बीमारी में सुधार हुआ और वजन भी बढने लगा। पोषण प्रशिक्षक रश्मि त्रिपाठी ने जानकारी दी कि बच्ची मोहनी को जब पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती किया गया तब उसकी स्थिति गंभीर थी। डॉक्टर भी स्वास्थ्य के प्रति चिंतित थे। बच्ची को एनआरसी से गत 2 अक्टूबर को डिस्चार्ज किया गया।

उस समय मोहिनी का वजन 4 किलो 400 ग्राम के करीब था। इसके अलावा प्रतिदिन वजन में बढोत्तरी भी हो रही थी। डिस्चार्ज होने के बाद बच्ची का अब तक चार बार फॉलोअप किया जा चुका है। मोहिनी पूरी तरह स्वस्थ है और वजन भी बढकर 5 किलो 700 ग्राम हो गया है। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन के नेतृत्व में पन्ना जिले में कुपोषण का कलंक मिटाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर हरजिंदर सिंह की पहल पर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कर बेहतर उपचार और देखभाल की व्यवस्था की गई है। गरीब लोगों तक इसका सीधा लाभ पहुंचाने के लिए जिला कलेक्टर द्वारा प्राथमिकता के साथ निरंतर एनआरसी का भ्रमण कर सुविधाओं का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही व्यवस्थाओं को और माकूल व सक्रिय बनाने की दिशा में भी कारगर कदम उठाए गए हैं। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों को जमीनी स्तर पर घर-घर संपर्क के जरिए कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती कराने के लिए भी निर्देशित किया गया है।

Created On :   6 Dec 2023 6:31 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story