Panna News: विजयादशमी पर संघ का शताब्दी वर्ष उत्सव, शाहनगर में निकला पथ संचलन

विजयादशमी पर संघ का शताब्दी वर्ष उत्सव, शाहनगर में निकला पथ संचलन

Panna News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा स्थापना के शताब्दी वर्ष पर विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन रविवार 12 अक्टूबर को शाहनगर तहसील परिसर में किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में संघ का ध्वजारोहण, शस्त्र पूजन एवं एकल गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि सतना जिले के मीडिया प्रभारी दीपक शर्मा ने उपस्थित स्वयंसेवकों एवं नागरिकों को संबोधित किया। श्री शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना वर्ष 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने नागपुर महाराष्ट्र में एक स्वयंसेवक आधारित संगठन के रूप में की थी। इसका मूल उद्देश्य नागरिकों में सांस्कृतिक जागरूकता, अनुशासन, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है जब-जब देश पर संकट आया है वह चाहे भारत-पाकिस्तान विभाजन हो या कोविड आपदा संघ ने निस्वार्थ भाव से देशहित में कार्य किया है। आज आरएसएस विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवक संगठन है।

कार्यक्रम में संघ के विभाग सम्पर्क प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, जिला वनांचल प्रमुख गणेश रजक, शारीरिक प्रमुख गोविन्द रैकवार, शाहनगर खण्ड कार्यवाह कैलाश सैन एवं सह खण्ड कार्यवाह अखिलेश मिश्रा सहित सैकडाभर से अधिक स्वयंसेवक गणवेश में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत नगर के मुख्य मार्गों से घोष के साथ अनुशासित पथ संचलन निकाला गया। जिसमें नगरवासी एवं संघ के समस्त स्वयंसेवक बड़ी संख्या में शामिल हुए और भारत माता की जय के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।

Created On :   13 Oct 2025 12:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story