- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- बदहाल सड़क से टीबी मरीजों और...
Panna News: बदहाल सड़क से टीबी मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानी, तत्काल मरम्मत की मांग

Panna News: जिला मुख्यालय स्थित पुराने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर जहां जिले का क्षय केंद्र और मलेरिया विभाग संचालित होता है। उसकी चारों ओर की सडक़ें पूरी तरह से जर्जर हो चुकी हैं। सडक़ पर बडी-बडी गिट्टियां उखडकर फैली हुई हैं। जिससे यहां आने वाले मरीजों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े -हैदराबाद से पन्ना के लिए रवाना हुए बंधक बनाये गये मजदूर, पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद कंस्ट्रक्शन साइट से बाहर निकल सके मजदूर
टीबी मरीजों की बढी मुसीबत
सबसे अधिक परेशानी टीबी के मरीजों को हो रही है। क्षय रोग से ग्रस्त यह मरीज पहले से ही अत्यधिक शारीरिक कमजोरी का सामना कर रहे होते हैं। उन्हें अपनी नियमित बलगम जांच और दवा लेने के लिए इसी खराब मार्ग से गुजरना पड़ता है। गिट्टियों और गढ्ढों से भरी सडक़ पर पैदल चलना या रिक्शा-ऑटो से आना उनके लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सडक़ के कारण कई बार कमजोर मरीजों को केंद्र तक पहुंचने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जो उनके इलाज की प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकता है।
महत्वपूर्ण कार्यालयों का केन्द्र फिर भी उपेक्षित
यह मार्ग सिर्फ जिला क्षय केंद्र तक ही नहीं जाता बल्कि इसी परिसर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के आवास भी बने हुए हैं। इसके अलावा नवीन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का कार्यालय भी यहीं संचालित होता है। जिसका अर्थ है कि यह सडक़ विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और आम जनता दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय निवासियों और स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि मुख्यालय के इतने महत्वपूर्ण परिसर की सडक़ का लंबे समय से खराब होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। विभाग के कर्मचारियों को भी रोज ड्यूटी पर आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
तत्काल मरम्मत की मांग
टीबी मरीजों और स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन एवं नगर पालिका से तत्काल इस सडक़ की मरम्मत कराने और इसे सुगम बनाने की मांग की है ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने आ रहे कमजोर मरीजों को अनावश्यक कष्ट न झेलना पड़े और स्वास्थ्य विभाग का सुचारु संचालन हो सके।
सरकार करोडों रूपये स्वास्थ्य विभाग को दे रही हैं लेकिन समस्याएं जस की तस है जब जिला मुख्यालय में यह हालत है तो दूरदराज में क्या स्थिति होगी। इसका अंदाजा स्वयं लगाया जा सकता है। मरीजो की परेशानियों को देखते हुए मार्ग का निर्माण तत्काल कराया जाना चाहिए।
मैकूलाल अहिरवार
यहाँ पहुचने वाले मरीजों को काफी दिक्कत होती है जिला प्रशासन को चाहिए कि इस पर तत्काल ध्यान देकर इस जर्जर मार्ग को बनवाये ताकि लोंगों को परेशानी न हो।
स्वत्रंत प्रभाकर अवस्थी, कांग्रेस नेता
यहाँ की हालत बहुत खराब है बारिश के समय तो पूरे एरिया में पानी भरा रहता है चलने लायक नही रह जाता कई बार दो पहिया वाहन से निकलने वाले लोग गिरकर घायल होते हैं।
देबू आदिवासी, स्थानीय नागरिक
इनका कहना है
इस मार्ग की हालत बहुत खराब है जिसको बनवाये जाने के लिए नगर पालिका को पत्र लिखा गया है।
डॉ. आर.पी. तिवारी, सीएमएचओ पन्ना
Created On :   4 Dec 2025 11:58 AM IST













