- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान,...
Panna News: कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान, पन्ना में एकजुटता पर जोर भाजपा सरकार पर हमला

- कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान
- पन्ना में एकजुटता पर जोर भाजपा सरकार पर हमला
Panna News: प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आम जनता के मुद्दों पर लडऩे के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रव्यापी संगठन सृजन अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में पन्ना जिले के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में महाराष्ट्र के मालेगांव विधायक अमीत सुभाष राव जनक को नियुक्त किया गया है। उनके साथ प्रदेश पर्यवेक्षक के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति व पूर्व मंत्री सईद अहमद भी मौजूद रहे। पन्ना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यवेक्षक अमीत सुभाष राव जनक ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का आव्हान किया। उन्होंने आगामी चुनावों में भाजपा की जन विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। श्री जनक ने कहा कि प्रत्येक जिला, ब्लॉक और मंडलम स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी जाएगी ताकि वह पार्टी के हित में काम कर सकें। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आगामी चुनावों में संगठन चुनाव लड़ेगा व्यक्ति नहीं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि एकजुटता से कोई भी लड़ाई जीती जा सकती है। श्री जनक ने वर्तमान में देश में चरम पर पहुंच चुकी महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया जिससे आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के साथ खड़े होकर उनका समर्थन करने का आग्रह किया। ठीक उसी तरह जैसे पार्टी के नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने लोकसभा और राज्यसभा में इन मुद्दों को उठाकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने स्थानीय मुद्दों पर भी जनता का साथ देने की बात कही। बैठक को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति, पूर्व मंत्री सईद अहमद, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री वीरेंद्र द्विवेदी, जिला सह प्रभारी राजभान पटेल, भूपेंद्र राहुल, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, पूर्व विधायक महेंद्र बागरी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष अध्यक्ष शिवजीत सिंह, भरत मिलन पाण्डेय सहित कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। बैठक के बाद श्री जनक ने पन्ना, अजयगढ़ और धरमपुर ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर चर्चा की। इससे पहले उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों को भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Created On :   15 Jun 2025 1:22 PM IST