- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- अजयगढ़-पन्ना-दमोह रोड को नेशनल...
Panna News: अजयगढ़-पन्ना-दमोह रोड को नेशनल हाईवे बनाने की मांग, पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात

Panna News: पन्ना विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने आज केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में सडक़ नेटवर्क के विस्तार और उन्नयन को लेकर कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुलाकात के दौरान बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने पन्ना विधानसभा क्षेत्र की जर्जर और प्रमुख सडक़ों के उन्नयन एवं निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश बॉर्डर के कालिंजर से अजयगढ़-पन्ना-दमोह मार्ग को केंद्रीय सडक़ निधि सीआरएफ मद के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग में उन्नयन करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
यह भी पढ़े -श्रद्धा भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई माँ कर्मा देवी की जयंती, साहू समाज ने नगर में निकाली भव्य शोभायात्रा
इस रोड के नेशनल हाईवे बनने से मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन तेज और सुगम होगा साथ ही व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा। विधायक श्री सिंह ने बताया कि पन्ना क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। बेहतर सडक़ सुविधा मिलने से पन्ना टाइगर रिजर्व, कालिंजर किला सहित अन्य ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उन्हें प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने विश्वास जताया कि सीआरएफ के तहत सडक़ विकास और प्रस्तावित नेशनल हाईवे परियोजना के पूर्ण होने से पन्ना विधानसभा क्षेत्र में आवागमन, व्यापार, कृषि और पर्यटन सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास होगा और क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।
यह भी पढ़े -सड़क निर्माण की धीमी गति से वाहन चालको व राहगीरो की बढ़ी परेशानी, पन्ना के पहाड़ीखेरा से सतना के मझगवां तक ३८ किलोमीटर टू लेन सडक़ का हो रहा है निर्माण
Created On :   19 March 2026 2:03 PM IST












