- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन केन्द्रों...
Panna News: कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर देखी व्यवस्थाएं, किसानों से संवाद कर जानी समस्यायें

Panna News: कलेक्टर ऊषा परमार ने सोमवार को देवेन्द्रनगर एवं गुनौर क्षेत्र के विभिन्न गेहूं उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा शासन के निर्देश मुताबिक सभी केन्द्रों पर किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत प्रबंध सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा आगामी दिवसों से स्लॉट बुकिंग व्यवस्था तथा उपार्जित स्कंध के भुगतान के कार्य में तेजी लाने के संबंध में आश्वस्त किया। जिला कलेक्टर ने सायलो जिगदहा उपार्जन केन्द्र सहित पाठक वेयरहाउस सिली गुनौर, पैक्स गोदाम सुंगरहा एवं बागरी वेयरहाउस अमरी के गेहूं उपार्जन केन्द्र देखे। कलेक्टर श्रीमती परमार ने खरीदी केन्द्रों पर गर्मी के मौसम के दृष्टिगत पेयजल एवं छाया संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया तथा आवश्कता मुताबिक टेंट लगवाने एवं बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान केन्द्र पर उपस्थित किसानों से उपार्जन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को समय पर तुलाई और भंडारण इत्यादि की समुचित व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। इसके अलावा खरीदी केन्द्र प्रभारियों से केन्द्रों पर उपज की आवक बारदाना, तुलाई और प्रकाश व्यवस्था इत्यादि की जानकारी ली।
तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों को उपार्जन केन्द्रों पर सतत रूप से बेहतर व्यवस्थाओं के मद्देनजर नियमित मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित किया। जिला कलेक्टर द्वारा स्लॉट बुकिंग अनुसार वरीयता क्रम में किसानों की उपज के तौल और भुगतान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसानों से पारदर्शी तरीके से गेहूं खरीदी का कार्य संचालित हो तथा कृषकों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पडे। कलेक्टर ने तहसील कार्यालय देवेन्द्रनगर में बैठक लेकर गेहूं उपार्जन एवं भंडारण व्यवस्था की समीक्षा भी की। इस मौके पर किसानों की सुविधा के लिए नवीन सायलो केन्द्र की स्थापना पर चर्चा कर इन केन्द्रों पर भंडारण तथा अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उपार्जन की लक्षित मात्रा अनुसार पूर्व से समुचित व्यवस्थाओं के लिए निर्देशित किया गया। इसके अलावा उपज के नमूना जांच तथा सर्वर एवं स्लॉट बुकिंग व्यवस्था की जानकारी भी ली गई। कलेक्टर ने केन्द्रों पर किसानों की सुविधाओं के लिए आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ज्योति राजपूत एवं त्रिलोक सिंह पूषाम तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रदीप त्रिपाठी एवं कल्लू पटेल भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े -ग्राम पंचायत गहरा के पनारी में गहराया जल सकंट, सूखे हैण्डपम्प, दो किलोमीटर दूर जंगल स्थित नाले की झिरिया से पानी लाने के लिए मजबूर ग्रामीण
Created On :   28 April 2026 5:32 PM IST













