- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- उपमुख्यंमत्री ने जिला चिकित्सालय का...
Panna News: उपमुख्यंमत्री ने जिला चिकित्सालय का भ्रमण कर देखी व्यवस्थाएं

Panna News: मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय पन्ना का भ्रमण किया और मरीजों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। इस मौके पर जिला अस्पताल में मरीज और परिजनों को सभी सेवाएं समुचित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मूलभूत सुविधाओं और प्रबंध का अवलोकन भी किया। उप मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। मरीज और आगंतुकों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान भर्ती मरीजों से संवाद कर हालचाल भी जाना। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद तिवारी एवं सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्त ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को अस्पताल की व्यवस्थाओं तथा प्रस्तावित कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास कार्यों के बारे में विस्तृत रूप से अवगत कराया।
उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर के विभिन्न कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षित रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता और पीपीपी मॉडल पर बनने वाले पन्ना मेडिकल कॉलेज सहित निर्धारित मानक अनुरूप दवाईयों के परीक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण व वितरण के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इस मौके पर पत्रकारों से भेंट कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में उपयोगी सुझाव व जानकारी भी साझा की। इसके पहले जिला अस्पताल आगमन पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल का जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं विधायक पन्ना बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्टर ऊषा परमार व अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े -पन्ना के धरमपुर में पुलिस पार्टी पर हमला, पुलिस पार्टी पर पथराव, थाना प्रभारी सहित दो पुलिस कर्मी घायल
पदभार ग्रहण न करने वाले बांड चिकित्सकों के विरूद्ध करें कार्रवाई: उपमुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि जिला अस्पताल सहित प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टॉफ नियमित रूप से समय पर उपस्थित रहें। आम जनता को बेहतर तरीके से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर मिले। डिजिटल टेलीमेडिसिन सुविधा का भी विकल्प के तौर पर व्यापक और बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उप मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पन्ना प्रवास के दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभागार में संपन्न हुई स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि संचालनालय स्तर से नियुक्त बांड चिकित्सकों को अनिवार्य रूप से पदभार ग्रहण करने के संबंध में निर्देशित किया जाए। इसके बावजूद भी अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करें। उन्होंने विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों से स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वीकृत और रिक्त पदों के संबंध में जानकारी लेकर कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र में ओपीडी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
यह भी पढ़े -ग्राम बड़वारा में डायरिया की शिकायत, स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्यवाही से अब नियंत्रण में स्थिति
सभी गर्भवती माताओं का हो पंजीयन
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सभी गर्भवती माताओं का शत प्रतिशत पंजीयन एवं सभी आवश्यक जांच भी समय पर सुनिश्चित हो। इससे हाई रिस्क प्रेगनेंसी की समस्या से भी निजात मिलेगी। उन्होंने समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रत्येक माह की 9 और 25 तारीख को आयोजित होने वाले महिला स्वास्थ्य जांच शिविर में महिला चिकित्सकों की ड्यूटी तय कर शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने केे निर्देश दिए। जिला चिकित्सालय में गत कई वर्ष से लंबित निर्माण कार्य को पूर्ण कराने सहित पूर्ण विकास कार्यों का जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोकार्पण कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक पन्ना बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक पवई प्रहलाद लोधी सहित पन्ना भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष मीना पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव, कलेक्टर ऊषा परमार, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद तिवारी एवं सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
Created On :   25 Oct 2025 1:19 PM IST












