Panna News: एक सियार और 8 गिद्धों की मौत से वन विभाग में हड़कंप

यह पूरी घटना उत्तर वन मंडल पन्ना के देवेन्द्रनगर वन परिक्षेत्र से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित राजस्व क्षेत्र के पहाड़ीखेरा गांव में सामने आई है।

डिजिटल डेस्क,पन्ना। जिले में एक बड़ी वन्यजीव त्रासदी सामने आई है। यहाँ एक साथ एक सियार और आठ गिद्धों के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जहरीले पदार्थ से मरे सियार का मांस खाने के कारण ही इन आठ गिद्धों की भी मौत हुई है।

खेत में मिला सियार का शव

यह पूरी घटना उत्तर वन मंडल पन्ना के देवेन्द्रनगर वन परिक्षेत्र से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित राजस्व क्षेत्र के पहाड़ीखेरा गांव में सामने आई है। यहाँ किसान राम स्नेही प्रजापति के खेत में ये शव पाए गए।

वन विभाग की प्राथमिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से सियार की मौत हुई थी।

विषैले प्रभाव से एक-एक कर मरे 8 गिद्ध

वन विभाग के अनुसार, खेत में गड्ढा और घनी झाड़ियां होने के कारण मरे हुए सियार का शव वहां से गुजरने वालों को दिखाई नहीं दिया। आशंका है कि भूख से बेहाल गिद्ध मृत सियार का मांस खाने के लिए वहां पहुंचे। सियार के शरीर में मौजूद विषैले प्रभाव के कारण उसका मांस खाते ही एक-एक कर आठ गिद्धों की भी मौत हो गई।

विसरा सैंपल सागर और जबलपुर जांच के लिए भेजे गए

मामले की सूचना मिलते ही डीएफओ धीरेंद्र प्रताप सिंह निर्देश पर देवेंद्रनगर वन परिक्षेत्र के रेंजर राहुल शाक्यवार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम फौरन मौके पर पहुंची।

टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और सियार तथा गिद्धों के अवशेषों के साथ-साथ उनके विसरा सैंपल भी एकत्र किए। इन सैंपलों को विस्तृत जांच के लिए सागर और जबलपुर की प्रयोगशालाओं (लैब) में भेज दिया गया है।

रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा मौत का असली कारण

डीएफओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह घटना राजस्व क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सियार और गिद्धों की मौत का वास्तविक कारण विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगा।

Created On :   22 July 2026 6:43 PM IST

Tags

Next Story