Panna News: बुंदेल केसरी महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा का अनावरण 10 नवंबर तक, शहर को मिलेगा नया पर्यटन स्थल

बुंदेल केसरी महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा का अनावरण 10 नवंबर तक, शहर को मिलेगा नया पर्यटन स्थल

Panna News: बुंदेलखंड की ऐतिहासिक नगरी पन्ना को जल्द ही एक नया पर्यटन और मनोरंजक केंद्र मिलने वाला है। यहां के धरमसागर तालाब में स्थापित बुंदेल केशरी महाराजा छत्रसाल की भव्य प्रतिमा का अनावरण आगामी 10 नवंबर तक हो जाएगा। यह जानकारी नगर पालिका परिषद पन्ना की अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय ने दी। पहले यह कार्यक्रम 18 अक्टूबर को होना था लेकिन ऐन वक्त पर मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को बिहार विधानसभा चुनाव में व्यस्तता के चलते कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। श्रीमती पाण्डेय ने बताया कि अब 10 नवंबर तक प्रतिमा का अनावरण सुनिश्चित हो जाएगा। इस गरिमामयी समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री और पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह सहित कई अन्य नेतागणों की मौजूदगी रहेगी। महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा की स्थापना के साथ ही नगर पालिका परिषद पन्ना द्वारा यादवेन्द्र क्लब का जीर्णोद्धार और पार्क का विकास भी जोर-शोर से कराया जा रहा है।

इसका उद्देश्य शहर के नागरिकों और बाहरी पर्यटकों को तालाब के किनारे एक सुंदर और सुकून भरा स्थान उपलब्ध कराना है जहां वह आकर प्राकृतिक सौंदर्य का लुफ्त उठा सकें। सौंदर्यीकरण कार्य की मॉनिटरिंग स्वयं विधायक प्रतिनिधि विष्णु पाण्डेय कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पार्क स्थल के उचित रखरखाव और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां पर आठ-आठ घंटे की ड्यूटी पर चौकीदार तैनात किए जाएंगे जिसके लिए एक गार्ड रूम का निर्माण भी कराया जा रहा है। यह सुनिश्चित करेगा कि पार्क हमेशा साफ.-सुथरा और सुरक्षित बना रहे। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि उनकी परिषद शहर को विकसित करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। धरमसागर तालाब के किनारे विकसित हो रहा यह पार्क और महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा न केवल शहर की शोभा बढ़ाएगी बल्कि बुंदेलखंड के गौरवशाली इतिहास को भी जीवंत करेगी जिससे आने वाली पीढियां प्रेरणा ले सकेंगी। यह नया केंद्र पन्ना को पर्यटन मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Created On :   29 Oct 2025 1:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story