- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- जीवित पति को कागजों में मृत बताकर...
Panna News: जीवित पति को कागजों में मृत बताकर पत्नि ने रचा दूसरा विवाह, प्रशासन सवालों के घेरे में

- जीवित पति को कागजों में मृत बताकर पत्नि ने रचा दूसरा विवाह
- प्रशासन सवालों के घेरे में
Panna News: देश में जहां पत्नियों की बेवफाई के किस्से सुर्खियां बंटोर रहे हैं वहीं पन्ना जिले से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जिसने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहां एक महिला ने अपने जीवित पति को कागजों में मृत घोषित करवाकर न सिर्फ फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया बल्कि अपने प्रेमी संग दूसरा विवाह भी रचा लिया। इस सनसनीखेज धोखाधड़ी ने स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था और दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया की पोल खोल दी है।
ऐसा रचा फर्जीवाडा
मामला पन्ना शहर के वार्ड क्रमांक 17 का है जहां निवासी हल्की बाई ने अपने पति कृपाल सौर 71 वर्ष को मृत बताकर २१ सितम्बर २०२१ को फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र हासिल कर लिया। इसी प्रमाण पत्र के आधार पर उसने ठाकुरदास कुशवाहा से दिनांक २२ अगस्त २०२२ को अपर कलेक्टर न्यायालय पन्ना में शादी कर ली। यह चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब मीडिया की टीम कृपाल सौर की वास्तविक स्थिति की पुष्टि के लिए उनके पैतृक गांव महुआडांडा पहुंची। वहां कृपाल न सिर्फ जीवित और स्वस्थ मिले बल्कि स्थानीय उचित मूल्य की दुकान से अपना मासिक राशन भी प्राप्त करते देखे गए। राशन दुकान के सेल्समैन सुशील दुबे ने बताया कि कृपाल को हर महीने राशन मिलता है और उनका राशन कार्ड पूरी तरह वैध है। कृपाल के रिश्तेदारों ने बताया कि लगभग 30 वर्ष पहले उनका विवाह बांधीकला निवासी हल्की बाई से हुआ था। विवाह के बाद वह पन्ना में बस गए थे लेकिन घरेलू विवादों के कारण कृपाल कुछ साल पहले अपने पैतृक गांव लौट आए थे। कृपाल सौर के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं जिनमेंं से एक बेटा मानसिक रूप से दिव्यांग है। कृपाल अपनी छोटी सी जमीन और राशन के सहारे जैसे-तैसे परिवार का गुजारा कर रहे हैं। अब उन्हें डर है कि सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित होने से उनका राशन बंद न हो जाए जिससे उनके परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो जाएगा। यह मामला सिर्फ एक महिला द्वारा पति को मृत घोषित करने की साजिश तक ही सीमित नहीं है बल्कि यह प्रशासनिक लापरवाही, कमजोर दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया और सामाजिक नैतिक मूल्यों में आती गिरावट को भी उजागर करता है।
जीवित व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र आखिर कैसे बना
इस पूरे फर्जीवाड़े में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर एक जीवित व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र कैसे जारी हो गया। नगर पालिका की जन्म-मृत्यु शाखा के प्रभारी ने इस पर अजीबोगरीब सफाई देते हुए कहा कि कोरोना काल के दौरान सत्यापन की प्रक्रिया नहीं हो रही थी और परिषद भी नहीं थी इसलिए बिना पार्षद के सत्यापन और पंचनामा के प्रमाण पत्र बन गया होगा। जब पोर्टल पर दस्तावेज़ खोजने का प्रयास किया गया तो हल्की बाई द्वारा प्रस्तुत सिर्फ एक आवेदन ही मिला जो फर्जी प्रक्रिया की पुष्टि करता है। जहां आम लोगों को एक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शपथ पत्र से लेकर ढेरों दस्तावेज़ जमा करने पड़ते हैं वहीं इस महिला ने महज एक आवेदन देकर अपने पति को मृत घोषित कैसे करवा दिया इसका जवाब किसी के पास नहीं है। यह नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
फर्जीवाड़े के पीछे की वजह क्या है
हल्की बाई 51 वर्षीय ने अपने प्रेमी से शादी करने के लिए यह रास्ता चुना। चौंकाने वाली बात यह है कि उसने न तो पति की मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि ली न ही कल्याणी विवाह योजना का लाभ उठाया। ऐसे में सवाल उठता है कि उसने ऐसा गैरकानूनी कृत्य क्यों किया। जब तलाक का वैधानिक विकल्प मौजूद था तो हल्की बाई ने पति को मृत घोषित करने का गैरकानूनी रास्ता क्यों चुना। यह घटना एक गंभीर सामाजिक प्रश्न को जन्म देती है। क्या आज कानूनी तलाक की प्रक्रिया इतनी जटिल या सामाजिक रूप से कलंकित मानी जाती है कि लोग पति को मृत घोषित कर नया जीवन शुरू करने का आसान रास्ता अपनाने लगे हैं। इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकती है। यह मामला न सिर्फ कानूनी और प्रशासनिक जांच का विषय है बल्कि यह समाज में नैतिक मूल्यों के क्षरण और रिश्तों की जटिलताओं पर भी गंभीर चिंतन की आवश्यकता को दर्शाता है। क्या प्रशासन इस मामले की तह तक जाकर दोषियों को सजा दिला पाएगा और कृपाल सौर को उनका अधिकार वापस दिला पाएगा यह देखने वाली बात होगी।
इनका कहना है
जीवित व्यक्ति के मृत्यु प्रमाण पत्र के संबंध में मुझे जानकारी नहीं है आपके द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जांच करते हैं।
शशि कपूर गढ़पाले
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नपा पन्ना
आपके द्वारा यह मामला संज्ञान में लाया गया है इसका परीक्षण करेंगे।
सुरेश कुमार, कलेक्टर पन्ना
Created On :   18 Jun 2025 12:58 PM IST