- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पन्ना पुलिस द्वारा पुलिस स्मृति...
Panna News: पन्ना पुलिस द्वारा पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद परेड का आयोजन, कर्तव्य पथ पर शहीद हुए जवानों को किया गया नमन

Panna News: पुलिस लाइन पन्ना स्थित पुलिस शहीद स्मारक पर आज २१ अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन सभी वीर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नमन किया गया जिन्होंने कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहूति दी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमति निवेदिता नायडू द्वारा शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया तथा उनकी शहादत को सलामी दी। उपस्थित सभी लोगो द्वारा शहीदों की स्मृति में मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद दिवस परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक खिलावन सिंह कंवर एवं सूबेदार संजय सिंह जादौन ने किया। परेड के दौरान पुलिस बल की टुकडियों द्वारा वीर शहीदों को सलामी दी गई और उनके अमर बलिदान को स्मरण किया गया।
यह भी पढ़े -गोवर्धन पूजा पर जिले की गौशालाओं में हुए कार्यक्रम, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने की सहभागिता
पुलिस स्मृति दिवस का महत्व
भारत में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों को समर्पित है जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र सेवा में अपने प्राण न्यौछावर किए। इस दिन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वर्ष 1959 की उस घटना से जुड़ी है जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय पुलिस बल पर हमला किया गया था। इस संघर्ष में 10 भारतीय पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। उनके साहस और बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
पुलिस लाईन में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस पर कलेक्टर श्रीमति ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमति निवेदिता नायडू, डीएफओ दक्षिण वनमंडल अनुपम शर्मा, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद पन्ना श्रीमति मीना पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पन्ना उमराव सिंह मरावी, एडीएम मधुवंतराव धुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति वन्दना चौहान, पार्षद वार्ड क्रमांक 12 श्रीमति कीर्ति त्रिवेदी सहित जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, सभी थाना प्रभारी, पुलिस बल के सदस्यगण एवं नगर के प्रतिष्ठित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रमोद अवस्थी द्वारा किया गया। सभी ने शहीद पुलिसकर्मियों के अमर बलिदान को नमन किया।
Created On :   22 Oct 2025 12:15 PM IST