Panna News: एनएमडीसी परियोजना मझगवां में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

एनएमडीसी परियोजना मझगवां में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
  • एनएमडीसी परियोजना मझगवां में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
  • भाजपा एक पेड मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण

Panna News: एनएमडीसी हीरा खनन परियोजना मझगवां में ०५ जून को विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन हर्षोल्लास, जागरूकता और सामूहिक सहभागिता की भावना के साथ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख आर. राजाकुमार द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की निरंतर होती क्षति और जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौतियों के बीच हमें यह समझना होगा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दायित्व नहीं बल्कि हमारी अगली पीढियों के लिए उत्तरदायित्व है। आयोजन की मुख्य गतिविधियों में परियोजना के विभिन्न परिसरों, कार्यालयों और आवासीय क्षेत्रों में वृक्षारोपण किया गया। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, तकनीकी कर्मचारियों एवं श्रमिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विश्व पर्यावरण दिवस 2025 की थीम वैश्विक प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना के अंतर्गत यह आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में संजय दुबे उप महाप्रबंधक वाणिज्यिक, मृदुल दीक्षित उप महाप्रबंधक उत्पादन एवं धर्मेन्द्र सिन्हा उप महाप्रबंधक कार्मिक उपस्थित रहे। इनके अलावा परियोजना के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा श्रमिक संगठनों के पदाधिकारीगण भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, पृथ्वी को स्वच्छ एवं हरित बनाने तथा प्लास्टिक प्रदूषण के उन्मूलन हेतु जागरूकता फैलाने में अपने व्यक्तिगत एवं सामूहिक दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

भाजपा एक पेड मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जिला कार्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता, पूर्व जिला महामंत्री विनोद तिवारी, कैलाश गुप्ता सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, महिला मोर्चा के सदस्य, पर्यावरण प्रेमी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विधायक श्री सिंह ने बताया कि भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में 15 अगस्त तक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संगठनात्मक कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से होगी और लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नपा अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय ने इस अभियान को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक जन आंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पौधारोपण कार्यक्रम नहीं बल्कि भावना और जिम्मेदारी का संगम है जिसे हर नागरिक तक पहुंचाया जाना चाहिए ताकि सभी पर्यावरण सुरक्षा में भागीदार बन सकें।

सलेहा में विधायक गुनौर डॉ. राजेश वर्मा ने किया पौधारोपण

सलेहा नि.प्र.। पर्यावरण दिवस के अवसर पर विधायक गुनौर डॉ राजेश वर्मा ने सलेहा क्षेत्र में प्रवास कर वृक्षारोपण के साथ क्षेत्रीय कार्यकर्ताओ से मुलाकात करते हुए शोक संतृप्त परिवारों को दी सांत्वना। सलेहा क्षेत्र के हायर सेकेंड्री स्कूल पटना तमोली में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक, पार्टी कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वर्गीय जीएलबी मेमोरियल सर्व विकास समिति के बैनर तले सलेहा रेंज परिसर में विधायक डॉ. राजेश वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा राम बिहारी चौरसिया, रेंज ऑफीसर हरि सिंह की उपस्थिति में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रीकांत त्रिपाठी, हरिशंकर गर्ग, के.के. चौरसिया, आनंद मिश्रा, हरिओम त्रिपाठी, बाबूलाल यादव, अरुण द्विवेदी, भूरी पाण्डेय भाजपा पार्टी राजेंद्र चौबे, टोनी राजा, छोटू जैन वन विभाग का अमला, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जीवन में होगी खुशहाली प्रकृति की करो रखवाली: सीता बहिनजी

विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारी विद्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें सीता बहिन जी ने पर्यावरण दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि हमारी जीवन शैली सदा ही पर्यावरण मित्र शैली रही जो कि पर्यावरण संरक्षण का कार्य स्वत: करती है परंतु वर्तमान समय में हम प्रकृति से बहुत दूर चले गए हैं और प्रकृति तथा आध्यात्मिक का समन्वय भी बिगड़ गया है जिसके फल स्वरुप प्रकृति के पांच तत्वों का विध्वंसक रूप भी देखने को मिल रहा है। मुख्य अतिथि के रूप में अनुपम शर्मा डीएफओ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हम अपने जीवन शैली में कुछ छोटे-छोटे परिवर्तन करके पर्यावरण को शुद्ध बना सकते हैं जैसे मार्केट जाते समय कपड़े के बैग का उपयोग यदि बहुत कम दूरी पर जाना है तो पैदल जाएं कचरे को यथा स्थान पर ही डालें। कार्यक्रम में श्रीमती निशा जैन एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वृक्षारोपण किया गया।

ग्राम पंचायत भवन व वनरक्षक नाका में किया गया पौधारोपण

रैपुरा नि.प्र.। रैपुरा के ग्राम पंचायत भवन एवं वन रक्षक नाका परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना तथा हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच श्रीमती ममता जैन एवं वन विभाग से प्रेमशंकर ठाकुर द्वारा पौधारोपण कर की गई। इस अवसर पर जामुन, नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सचिव मुन्ना राजा बुंदेला ने कहा वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। इस मौके पर उपयंत्री श्यामदत्त पाठक एवं अलौकिक अग्निहोत्री, ग्राम रोजगार सहायक महेंद्र प्रजापति, मुकेश प्रजापति, आशिक जैन तथा अन्य ग्रामीणजन भी मौजूद रहे। इस आयोजन ने ग्रामवासियोंं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जुड़ाव की भावना को मजबूत किया।

नपा पन्ना ने पर्यावरण दिवस पर आयोजित किए जागरूकता कार्यक्रम

नगर पालिका पन्ना ने आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जो प्रतिवर्ष ०5 जून को मनाया जाता है। पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध गतिविधियों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों में साहस संस्था और एसबीआई फाउंडेशन का सहयोग रहा। आयोजन की शुरुआत बायपास रोड स्थित गौशाला के पास 250 पौधों के रोपण और स्वच्छता शपथ के साथ हुई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशिकपूर गढ़पाले, उपयंत्री अजीत सिंह धुर्वे, स्वच्छता निरीक्षक वीरेन्द्र चौरसिया सहित साहस संस्था के परियोजना प्रबंधक नरेन्द्र कुशवाह, परियोजना समन्वयक अमिताभ मिश्रा सहित साहस टीम से सचिन मालवीय, फील्ड सुपरवाइजर गुंजन, आकाश, प्रदीप, सरफराज, नेहा, ज्योति, गीतांजली एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 3 में केशरवानी धर्मशाला और आकाश आटा चक्की के पास दो सौंदर्यीकृत स्थलों का उद्घाटन किया गया। जो शहर को स्वच्छता की दिशा में प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम की मुख्य गतिविधियों में से एक नगर परिषद टाउनहॉल में स्वच्छता जिंगल का शुभारंभ था वहीं छोटे बच्चों के द्वारा पर्यावरण व स्वच्छता से जुडे गीत प्रस्तुत किये गये। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय और अन्य अतिथियों द्वारा लॉन्च किए गए इस जिंगल को सभी वार्डों के कचरा संग्रहण वाहनों पर चलाया जाएगा। मुख्य अतिथियों को सम्मानित किया गया और बच्चों को रीसायकल टेट्रा पैक से बने परीक्षा पैड उपहार स्वरूप भेंट किए गए। कार्यक्रम का समापन जीरो वेस्ट पर आधारित सामूहिक भोज के साथ हुआ जिसमें 200 से अधिक नागरिकों ने भाग लिया।

Created On :   6 Jun 2025 1:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story