आक्रोश: कोल्हापुर में 17 को गूंजेगी मराठा योद्धा जारंगे पाटील की तोप

कोल्हापुर में 17 को गूंजेगी मराठा योद्धा जारंगे पाटील की तोप
तीसरे चरण का आंदोलन

डिजिटल डेस्क, पुणे। मराठा आरक्षण के लिए लगातार संघर्ष कर रहे मनोज जारांगे-पाटिल की 17 नवंबर को कोल्हापुर में एक जनसभा आयोजित की जा रही है। इस सभा में जिले से दो से पांच लाख नागरिक आयेंगे। कल मराठा समाज के संयोजक वसंतराव मुलिक ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मलेन में बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक से चर्चा के बाद ही सभा का स्थान तय किया जाएगा। यह सभा शुक्रवार (17 तारीख) को दोपहर दो बजे शुरू होगी। इससे पहले जारांगे-पाटिल नर्सरी गार्डन में राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की समाधि पर दर्शन लेने जाएंगे।

जारांगे-पाटिल ने मराठा समुदाय को आरक्षण दिलाने के लिए तीसरे चरण का आंदोलन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में वह 17 नवंबर को कोल्हापुर आकर आरक्षण की भूमिका पेश करने वाले हैं। इस सभा में दो से पांच लाख नागरिक आएंगे। हालांकि इस सभा को दशहरा चौक पर आयोजित करने की प्रारंभिक योजना बनाई गई है, मगर सभा में भीड़ को देखते हुए सकल मराठा समाज के पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक महेंद्र पंडित से मुलाकात कर किसी विशाल स्थान पर बैठक आयोजित करने की मांग करेंगे। मुलिक ने कहा कि सभा का स्थल उसके बाद ही तय किया जाएगा।

संयोजको ने अपील की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए सभा स्थल पर भगवा टोपी, भगवा झंडा, पानी की बोतल लेकर आएं। मुलिक ने कहा कि पार्किंग व्यवस्था की घोषणा मंगलवार को की जाएगी क्योंकि लाखों की संख्या में नागरिक आएंगे। सभा में भीड़ को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर दस स्क्रीन लगाई जाएंगी। मुलिक ने बताया कि इस बैठक के लिए छत्रपति शाहू महाराज से चर्चा की जाएगी। फिलहाल मराठा आरक्षण के नाम पर कुछ सामाजिक कार्यकर्ता पैसा इकट्ठा कर रहे हैं। सकल मराठा समाज की ओर से चेतावनी दी गई कि ऐसे पैसे मांगने वालों को कोल्हापुर के दशहरा चौक पर कोल्हापुरी चप्पल का प्रसाद दिया जायेगा।

Created On :   11 Nov 2023 2:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story