- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- शहर में बनें महावितरण का अलग मंडल...
Pune City News: शहर में बनें महावितरण का अलग मंडल कार्यालय

- इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन की जोरदार मांग
- मंचर, नारायणगांव, आंबेगांव में भी लंबी दूरी की परेशानी
भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। पिंपरी-चिंचवड़ शहर के तेजी से बढ़ते विस्तार और औद्योगिक विकास को देखते हुए शहर में महावितरण का नया मंडल कार्यालय स्थापित किया जाए। ऐसी जोरदार मांग पिंपरी-चिंचवड़ इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन ने उठाई है। संगठन का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था बढ़ते उपभोक्ता भार के सामने अब अपर्याप्त सिद्ध हो रही है और एक नया मंडल कार्यालय हजारों उपभोक्ताओं को राहत देगा। वर्तमान में शहर में पिंपरी और भोसरी ये दो मंडल कार्यालय कार्यरत हैं, जो पुणे के गणेशखिंड मंडल कार्यालय से संबद्ध हैं। ये दोनों कार्यालय 10 लाख से अधिक बिजली ग्राहकों को सेवा दे रहे हैं। लेकिन आबादी और औद्योगिक विस्तार के कारण शिकायतें, तकनीकी कार्य और बिलिंग सेवाओं का दबाव तेजी से बढ़ रहा है।
-मंचर, नारायणगांव, आंबेगांव में भी लंबी दूरी की परेशानी
चाकण, आलंदी, तलेगांव, वडगांव, लोनावाला जैसे आसपास के क्षेत्रों के लिए सेवा देने वाला राजगुरुनगर मंडल कार्यालय, पुणे ग्रामीण मंडल (रास्तापेठ) से जुड़ा है। दूरी अधिक होने के कारण पिंपरी चिंचवड़ और आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को शिकायत निवारण, कनेक्शन कार्य, बिलिंग व तकनीकी समस्याओं के समाधान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी तरह मंचर, नारायणगांव, आंबेगांव जैसे इलाके भी लंबी दूरी की परेशानी झेल रहे हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष एड. गिरीश बख्सी और उपाध्यक्ष मनोज हरपाले ने कहा कि, यदि भोसरी, पिंपरी, राजगुरुनगर और मंचर डिवीजनों को जोड़कर पिंपरी-चिंचवड़ में नया मंडल कार्यालय बनाया जाता है, तो उपभोक्ताओं की यात्रा दूरी आधी रह जाएगी, साथ ही सेवाओं की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पिंपरी-चिंचवड़ भौगोलिक रूप से सभी क्षेत्रों के केंद्र में आता है, इसलिए यहीं नया मंडल कार्यालय स्थापित किया जाना चाहिए।
- सभी मानदंड पूरे, अब सिर्फ मंजूरी की प्रतीक्षा
एसोसिएशन ने दावा किया कि मंडल कार्यालय की स्थापना के सभी तकनीकी और प्रशासनिक मानदंड पूरे किए जा चुके हैं। अब इस प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लिया जाए ताकि शहर के विकास और उपभोक्ताओं की सुविधा को गति मिल सके। मुंबई में महावितरण के मानव संसाधन विभाग के कार्यकारी निदेशक राजेंद्र पवार से मुलाकात के दौरान एसोसिएशन ने औपचारिक निवेदन सौंपा। इस दौरान पवार ने आश्वासन दिया कि, इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
Created On :   26 Nov 2025 4:35 PM IST












