Pune City News: लालफीताशाही में अटका रेड जोन का मैप, 4 माह बाद भी जारी नहीं

लालफीताशाही में अटका रेड जोन का मैप, 4 माह बाद भी जारी नहीं
  • सही सीमाओं के इंतजार में लाखों नागरिक
  • 1.13 करोड़ फीस का किया भुगतान

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। आयुध निर्माणी देहूरोड और दिघी मैगजीन डिपो से सटे पिंपरी-चिंचवड़ शहर के संरक्षित क्षेत्र दर्शाने वाले रेड जोन की सीमाओं को लेकर पिछले अनेक वर्षों से रहा भ्रम आज तक बरकरार है। राज्य सरकार के भूमि अभिलेख विभाग ने सेटेलाइट तकनीक से तैयार किया हुआ अंतिम और अचूक नक्शा जुलाई 2025 में मनपा को सौंप दिया था, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी यह नक्शा सार्वजनिक नहीं किया गया है। इससे रेड जोन से बाधित लाखों नागरिकों में भ्रम, बेचैनी और नाराजगी चरम पर पहुंच गई है।

- 1.13 करोड़ फीस का किया भुगतान

देहूरोड एम्युनिशन फैक्ट्री की बाहरी बाउंड्री वॉल से 2000 मीटर और दिघी मैगजीन डिपो से 1145 मीटर के दायरे में रेड जोन है, और इसकी सीमाएं तय नहीं हैं। इसे लेकर शुरू से भ्रम है। इस संरक्षित दायरे यानी रेड जोन में कोई भी कंस्ट्रक्शन मना है। इससे तलवड़े, निगड़ी, त्रिवेणी नगर, रूपी नगर, यमुना नगर, रावेत, किवले, चिखली, दिघी, भोसरी, वडमुखवाड़ी, चर्होली, डुडूलगांव, बोपखेल जैसे इलाके प्रभावित हैं। लाखों परिवार प्रभावित हुए हैं। इसलिए, मनपा ने रेड जोन की सीमाओं की फिर से गणना करने का फैसला किया। भूमि अभिलेख विभाग ने रक्षा विभाग की इजाजत से रेड जोन की सीमाओं की गणना करवाई। फरवरी 2024 में, भूमि अभिलेख ने सेटेलाइट इमेज के जरिए असल गणना शुरू की। मनपा प्रशासन द्वारा 1 करोड़ 13 लाख 67 हजार 300 रुपए की फीस का भुगतान किया गया। इसके अनुसार, भूमि अभिलेख विभाग रेड जोन की गणना कर जुलाई 2025 में मनपा प्रशासन को नक्शा सौंप दिया।

- 31 जुलाई को सौंपा गया है नक्शा

रक्षा विभाग की मदद से दूसरी बार नक्शा तैयार किया गया, जिसके लिए मनपा के सहयोग से भूमि अभिलेख विभाग द्वारा रेड जोन का सर्वेक्षण किया गया। नक्शा बनाने में डेढ़ साल का समय लगा। सबसे पहले जो नक्शा प्रस्तुत किया गया उसमें कई त्रुटियां थीं। मनपा प्रशासन ने इसे दुरुस्त कर संशोधित नक्शा देने के निर्देश दिये थे। तदनुसार, अंतिम नक्शा 31 जुलाई 2025 को मनपा को सौंप दिया गया है। यह आधिकारिक नक्शा शहर के रेड जोन की सीमाओं का सटीक चित्रण करेगा। इससे साफ हो जाएगा कि कितने निर्माण और संपत्तियां रेड जोन में आती हैं।

भूमि अभिलेख विभाग ने रेड जोन का नक्शा मनपा को दे दिया है। यह नक्शा तुरंत जारी किया जाना चाहिए, जिससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि कितना क्षेत्र रेड जोन से प्रभावित है। इससे रेड जोन के बाहर के इलाकों को राहत मिलेगी।

-एड. राजेंद्र कालभोर, सामाजिक कार्यकर्ता, निगड़ी

रक्षा विभाग की संवेदनशील जानकारी को जारी पर रोक रहने से नक्शा जारी करने से पहले रक्षा विभाग की मंजूरी लेनी होगी। मनपा क्या प्रकाशित करने जा रही है इसकी जानकारी रक्षा विभाग को भेज दी गई है। जल्द ही इसे मंजूरी मिल जायेगी। नक्शा स्वीकृत होते ही जारी कर दिया जाएगा।

-किशोर गोखले, उप निदेशक, नगररचना विभाग, मनपा

Created On :   26 Nov 2025 4:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story