Pune News: बैलगाड़ी दौड़ में मिलेंगे फॉर्च्यूनर, थार और 150 बाइक

बैलगाड़ी दौड़ में मिलेंगे फॉर्च्यूनर, थार और 150 बाइक
सांगली के पहलवान चंद्रहार पाटिल ने खींचा सभी का ध्यान

भास्कर न्यूज, सांगली। पहलवान चंद्रहार पाटिल फिर सुर्खियों में हैं। कुश्ती के बड़े अखाड़े में अपनी धाक जमाने वाले डबल महाराष्ट्र केसरी चंद्रहार पाटिल ने इस बार बैलगाड़ी दौड़ की प्रतियोगिता के माध्यम से सबका ध्यान खींचा है। चंद्रहार पाटिल के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस भव्य बैलगाड़ी दौड़ में इनामों की झड़ी लगने वाली है। आगामी 9 नवंबर को तासगांव के पास भव्य बैलगाड़ी दौड़ आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि इस प्रतियोगिता के विजेताओं को इनाम के तौर पर 2 फॉर्च्यूनर, 2 थार , 7 ट्रैक्टर, 150 दोपहिया वाहन मिलेंगे। इन भारी-भरकम इनामों के कारण यह प्रतियोगिता राज्य भर में सबसे बड़ी और महंगी इनाम वाली स्पर्धा के रूप में चर्चा का विषय बन गई है।

- गोवंश और पशुपालन का प्रचार-प्रसार करना मकसद

पहलवान पाटिल अखाड़ा छोड़ कर अब राजनीतिक अखाड़े में दांव आजमा रहे हैं। शिवसेना (ठाकरे गुट) से लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। पाटिल अब शिंदे की शिवसेना में हैं। मनपा एवं नगरपरिषद चुनाव को देखते हुए शिवसेना की ओर से बैलगाड़ी दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। श्रीनाथ केसरी बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता और श्वान दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में तीन राउंड की आम बैलगाड़ी दौड़ और पट्टा पद्धति की दौड़ आयोजित की जाएगी। आयोजकों का अनुमान है कि इस कार्यक्रम में राज्य भर से 4 से 5 लाख किसान और गाड़ी मालिक शामिल हो सकते हैं। चंद्रहार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य गोवंश और पशुपालन का प्रचार-प्रसार करना है। दौड़ में पहले और दूसरे स्थान के लिए चार पहिया वाहन (फॉर्च्यूनर और थार) के साथ-साथ 6 से 7 ट्रैक्टर भी इनाम में दिए जाएंगे। इसके अलावा, अन्य प्रोत्साहन के लिए 150 दोपहिया वाहन इनाम के रूप में दिए जाएंगे। ओपन जनरल स्पर्धा के लिए भी चार पहिया गाड़ियां, ट्रैक्टर और दोपहिया वाहन इनाम के तौर पर रखे गए हैं।

Created On :   5 Nov 2025 1:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story