Pune City News: आज से सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा पद निकलेंगे जैन साधु-साध्वी

आज से सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा पद निकलेंगे जैन साधु-साध्वी
शत्रुंजय पट के दर्शन करेंगे

भास्कर न्यूज, पुणे। चातुर्मास पूर्ण होते ही कार्तिक पूर्णिमा 5 नवंबर से भारत भर के जैन साधु-साध्वी सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा प्रारंभ करेंगे। वे गांव-गांव और नगर-नगर में धर्म, संस्कृति और संस्कार की बातें कर समाज में जनजागृति लाएंगे। गुलटेकड़ी के श्री संभवनाथ जिनालय जैनसंघ में पं. राजरक्षित विजय ने कहा कि वर्षा के मौसम में जैन साधु-साध्वी चार महीने एक स्थान पर निवास करते हैं। जैन मुनियों का त्याग, तप, निष्पृहतापूर्वक जीवन और कठोर आचार देखकर धनवानों और सत्ताधीशों के भी मस्तक झुक जाते हैं। जैन साधु वह है, जिसके पास न गांव में घर होता है, न सीमा में खेत, न बैंक में खाता।

-शत्रुंजय पट के दर्शन करेंगे

राजरक्षित ने कहा कि किसी भी जीव से बैर नहीं। दीक्षा लेते ही वे छोटे परिवार को त्यागकर समस्त विश्व को परिवार बना लेते हैं। पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु, वनस्पति और पर्यावरण को कभी भी बाधित नहीं करते। सभी प्राणियों के कल्याण की चिंता उनके हृदय में निरंतर रहती है। इसी कारण जैन मुनि अठारह कोमों में आदरणीय माने जाते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन कलिकाल सर्वज्ञ आचार्य हेमचंद्रसूरि महाराजा का 936वां जन्मदिवस है। इस दिन से शत्रुंजय महातीर्थ की यात्रा का प्रारंभ होगा। आज ही के दिन द्रविड़ और वारिखिल्ल मुनि 10 लाख मुनियों के साथ शत्रुंजय तीर्थ से मोक्ष प्राप्त किया था। सैकड़ों जैन श्रद्धालु पूर्णिमा यात्रा हेतु शत्रुंजय जाएंगे। जो वहां नहीं पहुंच सकते, वे शत्रुंजय पट का दर्शन कर पांच स्तवन, 21 खमासमन और काउसग्ग कर भावयात्रा करेंगे।

Created On :   5 Nov 2025 4:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story