Pune City News: गांव की महिला से संबंध के शक में चचेरे भाई ने की हत्या

गांव की महिला से संबंध के शक में चचेरे भाई ने की हत्या
शव बोरे में भरकर पहाड़ पर फेंका

भास्कर न्यूज, पुणे। गांव की महिला से संबंध होने के शक में चचेरे भाई ने अपने ही भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पीड़ित के गले पर चाकू से कई वार किए, फिर शव को एक बोरे में भरकर गुजरवाड़ी के पहाड़ी इलाके में फेंक दिया। मामले का खुलासा होते ही भारती विद्यापीठ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक का नाम अजय पंडित (23) निवासी खोपड़ेनगर, कात्रज है, जबकि हत्या के आरोप में अशोक पंडित (35) निवासी मोशी को गिरफ्तार किया गया है। घटना 17 नवंबर की है।

पुलिस के अनुसार अजय और अशोक, दोनों झारखंड के रहने वाले हैं और पिछले चार साल से पुणे में काम कर रहे थे। काम की वजह से अजय खोपड़ेनगर स्थित लेबर कैंप में रहता था। अजय अचानक लापता हो गया, जिसके बाद भारती विद्यापीठ पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच में पुलिस को शुरुआत से ही साजिश की आशंका थी। तकनीकी जांच और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस का शक अजय के चचेरे भाई अशोक पर गया। उसके बाद पुलिस टीम ने अशोक को पिंपरी इलाके से हिरासत में लिया।

पूछताछ में अशोक ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे शक था कि अजय का गांव की महिला से संबंध है और इसी शक के चलते उसने गुस्से में हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को बोरे में भरकर गुजरवाड़ी के पहाड़ी क्षेत्र में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए ससून अस्पताल भेजा। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त मिलिंद मोहिते और सहायक पुलिस आयुक्त राहुल आवारे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल खिलारे तथा पुलिस उपनिरीक्षक निलेश मोकाशी के दल ने की।

Created On :   22 Nov 2025 4:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story