- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- अवैध हथियार तस्करी पर बड़ी...
Pune City News: अवैध हथियार तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय रैकेट का भंडाफोड़

- 36 संदिग्ध हिरासत में
- 21 अवैध हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस जब्त किए
भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे सिटी पुलिस की जोन-4 और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय अवैध हथियार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान में पुलिस ने 36 संदिग्धों को हिरासत में लिया, जबकि 21 अवैध हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस जब्त किए गए हैं। पिछले तीन सप्ताह के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में की गई कार्रवाई में कुल 21 अवैध हथियार बरामद किए गए। इनमें : विमानतल पुलिस स्टेशन - 11 हथियार, एईसी 1 - 2 हथियार, एईसी 2 - 3 हथियार, यूनिट 3 - 1 हथियार, कलेपडल पुलिस स्टेशन - 4 हथियार
इस कार्रवाई के आधार पर विमानतल थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111, शस्त्र अधिनियम की धारा 3(25), तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराएं 142, 37(1) और 135 के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं।
जांच के दौरान मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर डीसीपी सोमय मुंडे के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के उमरती गांव में तड़के विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में : 36 संदिग्ध हथियार निर्माता पकड़े गए, कई हथियार और पुर्ज़े जब्त किए गए, लगभग 50 भट्टियां नष्ट की गईं, हथियारों पर उकेराई (एम्बॉसिंग) करने की सामग्री बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि रैकेट बड़े पैमाने पर और संगठित तरीके से सक्रिय था।
इस अभियान में जोन 4 के डीसीपी मुंडे, क्राइम ब्रांच यूनिट 6 के पीआई पठान, 20 एपीआई/पीएसआई तथा ज़ोन-4 और क्राइम ब्रांच के 50 जवानों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय, पुणे की गैस गन टीम, वायरलेस और सीसीटीवी तकनीकी दल, मोबाइल सर्विलांस वाहन, अस्थायी वायरलेस नेटवर्क,
बुलेट प्रूफ जैकेट और बॉडी वॉर्न कैमरों का उपयोग किया गया। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी पर्याप्त हथियारों से लैस कर तैनात किया गया था।
पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से खुलासा हुआ है कि यह रैकेट 'उमरती शिकलगार आर्म्स' (USA) नाम से संचालित होता था, जिसका नेटवर्क महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और छत्तीसगढ़ तक फैला हुआ है। पुलिस अब सप्लाई चैन के अंतिम छोर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि सभी संदिग्धों की भूमिका और सबूतों के आधार पर ही गिरफ्तारी की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
Created On :   22 Nov 2025 2:21 PM IST












