Pune City News: खराड़ी में बन रहे डॉग पार्क को लेकर दो पूर्व नगरसेवकों के बीच हुई बहस

खराड़ी में बन रहे डॉग पार्क को लेकर दो पूर्व नगरसेवकों के बीच हुई बहस
  • भविष्य में परेशानी के डर से लोगों द्वारा पार्क का किया जा रहा विरोध
  • शहर में आठ हजार पालतू कुत्ते
  • लोगों से आबाद रहता है मैदान

भास्कर न्यूज, पुणे। महापालिका द्वारा हैदराबाद की तर्ज पर खराड़ी में बनाए जा रहे डॉग पार्क को लेकर दो पूर्व नगरसेवकों के बीच शुक्रवार को बहस हो गई। मामला वड़गांवशेरी के पूर्व नगरसेवक संदीप जर्हाड़ और पूर्व नगरसेवक सचिन भगत का है। जर्हाड़ ने मौके पर पहुंचकर पूछा था कि डॉग पार्क का कौनसा काम चल रहा है,लेकिन ठेकेदार और मनपा अधिकारियों ने जानकारी नहीं दी। इस पर पूर्व नगरसेवक ने काम रोकने को कहा। उसी समय पूर्व नगरसेवक सचिन भगत मैदान पर पहुंचे। भगत ने बताया कि यहां शहर का पहला डॉग पार्क बन रहा है। पार्क बनाने, नहीं बनाने को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।

भगत ने जर्गाड़ को बताया कि पार्क के लिए दो करोड़ रुपए का फंड मंजूर हो गया है। जर्हाड़ ने जवाब कहा कि जनता के इंटरेस्ट के भी काम होना चाहिए। इसी को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ। भगत ने उन्हें जवाब दिया कि लोगों का ही काम करते हैं। माना जा रहा है कि दोनों पूर्व नगरसेवकों के विवाद के बाद प्रोजेक्ट और उलझ सकता है, क्योंकि क्षेत्रीय लोग पहले से ही वहां डॉग पार्क बनाने का विरोध कर रहे हैं। हालांकि, अफसरों का कहना है कि पार्क केवल पालतू कुत्तों के लिए बनाया जा रहा है, जो दिन में दो बार खुलेगा।

शहर में आठ हजार पालतू कुत्ते

फिलहाल मनपा के पास आठ हजार पालतू कुत्ते पंजीकृत हैं। हालांकि, पंजीकृत नहीं किए गए पालतू कुत्तों की संख्या ज्यादा है। शहर में 80 हजार से एक लाख पालतू कुत्ते होने का अनुमान है। पालतू कुत्तों को घुमाने ले जाते वक्त पशु प्रेमियों और सामान्य नागरिकों के बीच हमेशा विवाद होता है। सार्वजनिक स्थानों पर पालतू जानवरों के शौच के बारे में क्षेत्रीय कार्यालयों को अक्सर नागरिकों से शिकायतें मिलती हैं। उनके समाधान के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने हैदराबाद की तर्ज पर शहर में अलग से 'डॉग पार्क' बनाने का निर्णय लिया। पहले डॉग पार्क कात्रज चिड़ियाघर के पास और बानेर में बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन मनपा को दोनों जगहों पर डॉग पार्क बनाने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद मनपा स्वास्थ्य विभाग ने खराड़ी के सर्वे नंबर 25-26 पर डॉग पार्क बनाने का निर्णय लिया है।

लोगों से आबाद रहता है मैदान

पुराना मुंढवा रोड वड़गांवशेरी और खराड़ी से होकर गुजरती है। यह रोड दो गांवों की सीमा है। रोड पर मारुति नगर इलाके में लाल मिट्टी का मैदान भी है। दोनों गांवों के बच्चे मैदान पर खेलने आते हैं। साथ ही ज्येष्ठ नागरिक समेत नागरिक बड़ी संख्या में खेलने, टहलने और ओपन जिम में व्यायाम करने आते हैं। इस कारण मैदान हमेशा लोगों से भरा रहता है। मनपा ने मैदान के बगल में खाली जमीन पर डॉग पार्क का काम शुरू किया है।

नागरिक बच्चों के साथ मैदान में टहलने आते हैं। सुबह-शाम वहां लोगों की बहुत भीड़ रहती है। अगर ग्राउंड के पास डॉग पार्क बनेगा, तो इससे परेशानी हो सकती है। क्षेत्र में दूसरा कोई मैदान उपलब्ध नहीं है। अगर अब इस मैदान के पास डॉग पार्क बनाया जाता है, तो इससे लोगों में डर पैदा हो सकता है। हम डॉग पार्क के खिलाफ हैं।

- राजाराम कुंजीर, नागरिक, वड़गांवशेरी

खराड़ी में डॉग पार्क बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। आखिरकार मनपा ने इसे मंजूरी दे दी। पार्क लगभग ढाई एकड़ जमीन पर बनेगा। डॉग पार्क के लिए मैदान की जमीन का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। लोगों को प्रोजेक्ट का स्वागत करना चाहिए।

- सचिन भगत, पूर्व नगरसेवक

अगर खराड़ी स्थित मैदान के पास डॉग पार्क बनाया गया, तो इससे नागरिकों को परेशानी हो सकती है। इसे लेकर नागरिकों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने पार्क का विरोध किया है और हमें उनके हितों को देखना है।

- संदीप जर्हाड़, पूर्व नगरसेवक

खराड़ी में पालतू कुत्तों के लिए डॉग पार्क बनाया जा रहा है। यह पार्क दिन में दो बार, सुबह-शाम कुत्तों को घुमाने के लिए खुला रहेगा।

- सारिका फुंडे, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, मनपा

Created On :   22 Nov 2025 4:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story