Pune News: दुर्घटनाएं रोकने के लिए खेड़-शिवापुर टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच शुरू

दुर्घटनाएं रोकने के लिए खेड़-शिवापुर टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच शुरू
  • आरटीओ विभाग ने दो फ्लाइंग स्क्वाड किए तैनात
  • वाहन चालकों की काउंसिलिंग भी

भास्कर न्यूज, पुणे। नवले ब्रिज पर हाल ही में हुई दुर्घटना में आठ लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने अलग-अलग स्तर पर सुरक्षा उपाय करना शुरू कर दिए हैं। आरटीओ ने सातारा से पुणे आने वाले वाहनों की जांच के लिए स्क्वाड खेड़-शिवापुर टोल बूथ पर दो फ्लाइंग स्क्वाड तैनात किए हैं। शुक्रवार से टीमों द्वारा भारी वाहनों की जांच शुरू की गई है। यह भी देखा जा रहा है कि किसी वाहन चालक ने शराब तो नहीं पी रखी है।

सातारा से मुंबई जा रहा कंटेनर 13 नवंबर को नवले ब्रिज पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने गंभीर हादसे को गंभीरता से लेकर विभिन्न उपाय करने का निर्णय लिया था। केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने भी क्षेत्र का दौरा और प्रशासन के साथ बैठक कर अलग-अलग उपायों पर बात की थी। इसमें सातारा से पुणे-मुंबई आने वाले वाहनों और भारी वाहनों के लोड और ब्रेक की जांच कराने का निर्देश दिया गया था।

वाहन चालकों की काउंसिलिंग भी

आरटीओ ने पुणे-सातारा रोड पर दुर्घटनाएं कम करने के लिए कदम उठाया है। आरटीओ ने वाहनों और चालकों की जांच के लिए अलग-अलग फ्लाइंग स्क्वाड बनाए हैं। एक स्क्वाड गाड़ियों की जांच करेगा और चालकों ने कहीं शराब तो नहीं पी है। दूसरा स्क्वाड भारी वाहनों के ड्राइवरों को काउंसिलिंग कर उन्हें संभावित दुर्घटना क्षेत्र की जानकारी देगा। चालकों को बताया जाएगा कि आगे कात्रज टनल के बाद खड़ी ढलान है, वाहन धीरे चलाएं, न्यूट्रल में गाड़ी न चलाएं।

पहले दिन की गई 125 वाहनों की जांच

फ्लाइंग स्क्वाड ने शुक्रवार से वाहनों की जांच शुरू की है। पहले दिन 250 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान रोड सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वाले 151 चालकों पर चालान किया गया, साथ ही 120 वाहन चालकों की काउंसिलिंग की गई। शुक्रवार को पुणे आरटीओ की प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अर्चना गायकवाड़ और अन्य अधिकारियों ने खेड़-शिवापुर टोल प्लाजा का दौरा कर कर्मचारियों और अधिकारियों को दुर्घटनाएं कम करने के उपाय बताए।

नवले ब्रिज समेत पुणे-सातारा रोड पर दुर्घटनाएं कम करने के लिए दो फ्लाइंग स्क्वाड बनाए गए हैं। दोनों स्क्वाड अलग-अलग स्तर पर काम करेंगे। रोड सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने वाले चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई अब लगातार जारी रहेगी।

- स्वप्निल भोसले, उपप्रादेशिक परिवहन अधिकारी, आरटीओ

Created On :   22 Nov 2025 4:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story