- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- राजगुरुनगर में नगरसेवक पद के लिए 1...
Pune News: राजगुरुनगर में नगरसेवक पद के लिए 1 करोड़ की बोली लगने की चर्चा

- महिला पार्षद बनने के लिए 22 लाख रुपए की चर्चा
- शहर के विकास में खर्च की जाएगी राशि
- चुनाव अधिकारी का इंकार
भास्कर न्यूज। पुणे स्थानीय निकायों के चुनाव शुरू होने के बीच राजगुरुनगर नगर परिषद में करोड़ों की बोली लगाए जाने की जानकारी पुणे जिले सहित पूरे महाराष्ट्र में तेजी फैल गई है। लेकिन, यह बोली किस विशेष वार्ड के लिए लगी है, इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। नगर परिषद चुनाव के दौरान राजगुरुनगर में नगरसेवक पद के लिए 1 करोड़ 3 लाख रुपए, जबकि महिला नगरसेवक पद के लिए 22 लाख रुपए की बोली लगने की जोरदार चर्चा शुरू हो गई है।
- शहर के विकास में खर्च की जाएगी राशि
शुक्रवार को दावेदारों द्वारा नाम वापस लेने का आखिरी दिन था। इसके चलते कुछ सीटों पर कई ने अपना पर्चा वापस ले लिया। जिसके चलते इस तरह की खबरों को बल मिला कि करोड़ रुपए देने से आपसी सहमति से बाकी के उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया। जिससे नगरसेवक बनने का उनका रास्ता साफ हो गया।
नगर परिषद में कुछ लोगों का कहना है कि सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बोली से प्राप्त राशि का उपयोग शहर के विकास के लिए किया जाना चाहिए। विरोधी दल भी इस मुद्दे पर बोलने से बच रहे हैं, जिससे आपस में साठगांठ होने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। नागरिकों का मत है कि इस तरह की बोली लगाने की प्रथा मूलतः लोकतंत्र के लिए घातक है। इस पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण सवाल उठता है कि राज्य चुनाव आयोग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेगा।
-चुनाव अधिकारी का इंकार
राजगुरू नगर के एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह महज चर्चा है। इस तरह का कोई वाकिया सामने नहीं आया है। किसी भी पद के लिए बोली नहीं लगाई गई। नामांकन का आखिरी दिन होने से कई लोगों ने नाम वापस ले लिया। इसके चलते कुछ लोग निर्विरोध चुन कर आ गए। इस वजह से इस तरह की खबर को हवा मिली।
Created On :   22 Nov 2025 2:21 PM IST












