- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- 5 वर्षीय मासूम पर तेंदुए का हमला,...
Pune News: 5 वर्षीय मासूम पर तेंदुए का हमला, मां के साहस से बची जान

- खेड तहसील में तेंदुए की दूसरी घटना
- ग्रामीणों में दहशत का माहौल
भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे जिले के खेड तहसील स्थित निमगांव में तेंदुए द्वारा एक 5 वर्षीय बच्चे पर हमला किए जाने की घटना ने पूरे इलाके में खौफ का वातावरण निर्माण कर दिया। घर के सामने खेल रहे मासूम देवांश पर अचानक झपट्टा मारकर तेंदुए ने उसकी गर्दन पकड़ी और लगभग 100 मीटर दूर घसीट ले गया। यह भयावह दृश्य बच्चे की मां के सामने ही घटा, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। तेज चीख-पुकार कर और तेंदुए के पीछे दौड़ते हुए उसने अपने बच्चे को बचा लिया। डर के मारे तेंदुआ बच्चे को छोड़कर पहाड़ी की ओर भाग निकला।
घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। योगेश गव्हाणे का बेटा देवांश घर के आंगन में खेल रहा था, तभी दबे पांव घात लगाए बैठे तेंदुए ने हमला किया। बच्चे की चीख सुनते ही मां बाहर दौड़ी और तेंदुए को बच्चे को खींचते हुए जाते देख जोर-जोर से चिल्लाने लगी। मां और परिवार के शोर के कारण तेंदुआ बच्चे को शेत चारी में छोड़कर भाग गया।
गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत चांडोली ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके गर्दन व कंधे पर गहरे घाव होने की पुष्टि की। घटना की जानकारी मिलते ही खेड वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू की। नरभक्षी तेंदुए को पकड़ने के लिए भोंडवेबस्ती में दो पिंजरे लगाए गए हैं, जबकि घाटबस्ती में चार और पिंजरे लगाने की तैयारी की जा रही है। जानकारी वनपाल गुलाब मुके व वनरक्षक सागर तांबे ने दी।
पिछले सप्ताह भी हुआ था हमला
इसी ग्राम पंचायत क्षेत्र के भोंडवेबस्ती में गत सप्ताह 15 वर्षीय यश गणेश भोंड़वे पर भी तेंदुए ने हमला किया था। उस समय ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे भगाया था। लगातार हो रही घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है, और क्षेत्र में भय व असंतोष का माहौल फैल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की दहशत बढ़ती जा रही है।
Created On :   27 Nov 2025 4:58 PM IST












