- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- स्थानीय निकाय चुनाव - तलेगांव में 4...
Pune News: स्थानीय निकाय चुनाव - तलेगांव में 4 और लोनावला नगरपरिषद में 1 का निर्विरोध चयन लगभग तय

- भाजपा–राष्ट्रवादी (अजित पवार गुट) को बढ़त
- मावल में भाजपा की विजयी दौड़ शुरू
Pune News. तलेगांव दाभाड़े और लोनावला नगरपरिषद चुनाव में भाजपा तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार) को शुरुआती बढ़त मिल गई है। तलेगांव में भाजपा के तीन और राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) के एक उम्मीदवार का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। लोनावला में भाजपा के वरिष्ठ नेता देविदास कडू बिना किसी प्रतिद्वंद्वी के ही विजेता बन गए हैं। आधिकारिक घोषणा केवल औपचारिकता भर रह गई है। तलेगांव नगरपरिषद चुनाव में राष्ट्रवादी (अजित पवार)–भाजपा का गठबंधन है। यहां राष्ट्रवादी 17 सीटों पर और भाजपा 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दोनों दलों का प्रभाव इतना मजबूत रहा कि चार प्रभागों में विपक्ष का कोई उम्मीदवार सामने नहीं आया। इसके चलते राष्ट्रवादी की हेमलता खलदे प्रभाग नंबर 9, भाजपा के दीपक भेगडे प्रभाग 13, शोभा परदेशी प्रभाग 13 और निखिल भगत का प्रभाग 1 में निर्विरोध चुना जाना तय है। इन परिणामों से भाजपा खेमे में विशेष उत्साह है।
मावल में भाजपा की विजयी दौड़ शुरू
लोनावला नगरपरिषद के प्रभाग 7 की सामान्य सीट के लिए केवल देविदास कडू (भाजपा) ने ही नामांकन दाखिल किया है। विरोधी न मिलने से उनकी जीत निश्चित हो गई है। अब लोनावला में 26 सीटों पर ही मतदान होगा। तलेगांव दाभाड़े नगरपरिषद में कुल 28 सीटें हैं। चार का निर्विरोध विजयी होने के बाद अब 24 सीटों पर ही मतदान होगा। लोनावला नगर परिषद में सत्ता गठबंधन के तीनों दल राष्ट्रवादी (अजित पवार गुट), भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले में हैं। भाजपा के चुनाव प्रमुख विधायक महेश लांडगे ने कहा कि तलेगांव में भाजपा ने निर्विरोध तीन सीटें जीतकर शुरुआत शानदार की है। उत्तर पुणे जिले में भाजपा की विजयी घोड़दौड़ शुरू हो चुकी है। स्थानीय स्वराज संस्थाओं में ‘कमल’ खिलाने का हमारा संकल्प मजबूत है। उन्होंने बताया कि मावल, खेड, हवेली, शिरूर, जुन्नर और मंचर तालुकों में नामांकन प्रक्रिया को जबरदस्त प्रतिसाद मिला है।
Created On :   19 Nov 2025 8:53 PM IST












