Pune News: राज्य में अव्वल रहने की कोंकण की परंपरा बरकरार, लड़कियों में फिर मारी बाजी

राज्य में अव्वल रहने की कोंकण की परंपरा बरकरार, लड़कियों में फिर मारी बाजी
  • राज्य के 211 विद्यार्थियों ने शत प्रतिशत अंक हासिल किए
  • दसवीं में 94.10 प्रतिशत बच्चे उत्तीर्ण, पिछली बार से 1.71 प्रतिशत कम

Pune News. शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में ली गई दसवीं की परीक्षा के नतीजे महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मंगलवार दोपहर को जारी किए। इसबार 94.10 प्रतिशत बच्चे उत्तीर्ण हुए, जो पिछली बार से 1.71 प्रतिशत कम है। राज्य में अव्वल आने की परंपरा को इस बार भी कोंकण ने बखूबी बरकरार रखा है। इस विभाग के 98.82% प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। 90.78 फीसदी के साथ राज्य की उपराजधानी नागपुर फिसड्डी रही। लड़कियां फिर से लड़कों पर बीस साबित हुई हैं। राज्य में 96.14% प्रतिशत लड़कियां पास हुई तो वहीं लड़कों का प्रतिशत 92.31% रहा। यानि 3.83% अधिक लड़कियां पास हुई हैं।

राज्य के 211 विद्यार्थियों ने शत प्रतिशत अंक हासिल किए

21 फरवरी से 17 मार्च, 2025 के बीच बोर्ड ने पुणे, मुंबई, नागपुर और कोंकण सहित सभी 9 विभागों में परीक्षा ली थी। इसकी घोषणा मंडल के अध्यक्ष शरद गोसावी ने की। गोसावी ने बताया कि इस साल कुल 15 लाख 46 हजार 579 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 14 लाख 55 हजार 433 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। गोसावी ने बताया कि राज्य भर में 211 विद्यार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने 100% अंक प्राप्त किए हैं। इसमें सबसे अधिक लातूर के 113 विद्यार्थी शामिल र्हैं। इसके बाद छत्रपति संभाजीनगर से 40, पुणे के 13, अमरावती में 11, कोल्हापुर के 12, कोंकण में 9, मुंबई के 8, नागपुर में 3 और नासिक से 2 छात्रों का समावेश है। राज्य भर से 285 विद्यार्थी भाग्यशाली रहे जो 35 प्रतिशत अंक पा कर जैसे-तैसे पास हो गए। गोसावी ने कहा कि जो छात्र अपने रिजल्ट से संतुष्ट नहीं हैं, वे 14 मई से 28 मई तक पुनर्मूल्यांकन या मार्क वेरिफिकेशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। संभावित सप्लीमेंट्री परीक्षाएं जुलाई 2025 में होगी।

49 स्कूलों के एक भी विद्यार्थी पास नहीं हुए

राज्य में ऐसे भी स्कूल हैं, जिनके एक भी विद्यार्थी पास नहीं हो पाए। इसमें पुणे के 7 स्कूल, नागपुर के 8, संभाजी नगर के 9, मुंबई के 5 तो कोल्हापुर के 1 एवं अमरावती एवं नासिक के 4-4स्कूल, लातूर के 10 तो कोंकण के 1 स्कूल शामिल हैं।

37 परीक्षा केंद्रों की मान्यता रद्द

गोसावी ने बताया कि नकल पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार ने इसबार कड़े कदम उठाए थे। परीक्षा के दौरान राज्य के 37 केंद्रों पर कॉपी के मामले सामने आए थे। राज्य मंडल ने इन 37 केंद्रों की मान्यता रद्द करने का निर्णय लिया है। परीक्षा के दौरान 6 लोगों पर एफआरआय दर्ज की गई है।

विभाग स्तरीय नतीजे

विभाग- उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रतिशत में - शत प्रतिशत अंक पानेवाले विद्यार्थी

कोंकण – 98.82 - 9

कोल्हापुर – 96.87- 12

मुंबई – 95.84 - 8

पुणे – 94.81- 13

नासिक – 93.04 -2

अमरावती – 92.95- 11

छत्रपति संभाजीनगर – 92.82 -40

लातूर – 92.77 - 113

नागपुर – 90.78 - 3

Created On :   13 May 2025 8:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story